बस्ती: समारोहपूर्वक मनाया गया विश्व हिन्दू परिषद् का स्थापना दिवस

हर्रैया, बस्ती: विश्व हिन्दू परिषद का स्थापना दिवस सनातन ग्लोबल स्कूल हर्रैया के प्रांगण में समारोहपूर्वक मनाया गया। इस मौके पर विहिप के केन्द्रीय मंत्री गोपाल जी बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि के अलावा विहिप जिला अध्यक्ष दिनेश मिश्र, गोरक्ष प्रांत की पालक कविता त्रिपाठी और जिला उपाध्यक्ष भारती शुक्ला ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। तत्पश्चात मौजूद लोगों के साथ अतिथियों ने प्रणव ‘ॐ’ ध्वनि का तीन बार उच्चारण तथा तेरह बार विजय महामंत्र श्रीराम जय राम जय जय राम का उद्घोष पूर्ण श्रद्धा के साथ किया।

इस मौके पर मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि गोपाल जी ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के द्वितीय सरसंघचालक माधवराव सदाशिवराव गोलवलकर की प्रेरणा से 1964 में जन्माष्टमी पर मुंबई स्थित चिन्मय आश्रम में विहिप की स्थापना हुई थी। उन्होंने कहा कि हिन्दू धर्म, समाज और राष्ट्र निर्माण के लिए साधु-संतों, समाज के प्रमुख लोगों तथा हिन्दू धर्म के सभी मत-पंथों को एक साथ लाने के उद्देश्य से विश्व हिन्दू परिषद की स्थापना की गई थी।

उन्होंने कहा कि हिन्दू धर्म में श्रीकृष्ण भगवान ने धर्म की स्थापना के लिए अपने मामा कंस का वध किया और धर्म की रक्षा के लिए पांडवों के सारथी बने। सत्य सनातन धर्म और हिन्दू समाज के सामने अनेक चुनौतियां हैं। तलवार के बल पर हिंदुओं का धर्मांतरण कराया गया था, लेकिन आज अनेक मुस्लिम और ईसाई समुदाय के लोग हिन्दू धर्म अपनाकर घर वापसी कर रहे हैं। हिन्दू समाज को ‘कुटुंब प्रबोधन’ संस्कार की शिक्षा प्रदान करने की आवश्यकता है। बच्चों को गंगा, वेद, उपनिषद और पुराणों के बारे में शिक्षित करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि स्वदेशी भाव को आचार-विचार में अपनाने से भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। साथ ही हमें पर्यावरण संरक्षण पर भी ध्यान देना चाहिए।

इस अवसर पर दिनेश मिश्र ने कहा कि विदेशी शक्तियों के षड्यंत्र के कारण भारत में हिन्दू धर्म के विरुद्ध कुचक्र चल रहा है।

कार्यक्रम का संचालन विहिप मंत्री विवेक सिंह सोनू ने किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला धर्म जागरण प्रमुख डॉ. विनोद कुमार शुक्ल, जिला बजरंग दल प्रमुख प्रवीण सिंह, धर्मेंद्र सिंह, हर्रैया नगर अध्यक्ष संतोष कसौधन, नगर मंत्री कुंदन, विवेकानंद, राम मूरत, अजय कनौजिया, हर्रैया के ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि योगेंद्र सिंह तथा हिन्दू समाज के लोग उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें: कन्नौज: पति से विवाद के बाद पत्नी ने फांसी लगाई, मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप

झांसी: मोंठ में बुजुर्ग महिला पर गाय ने किया हमला, हालत नाज़ुक

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें