
Chhawani ,Basti : मुकामी थाना क्षेत्र में चोरियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। जहां इससे पहले अज्ञात चोरों ने परसीजोत, पखेरी गांव में निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के नकदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया । वहीं बुधवार की देर रात अर्जुनपुर गांव के एक घर से लगभग 20 लाख के जेवर चुराने में चोर सफल हो गए। लगातार हो रही चोरियों से जहां लोग दहशत में रातें गुजारने को मजबूर हैं तो वहीं पुलिसिया गस्त की पोल खुलती जा रही है।
छावनी थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं सामान्य हो गई हैं। बीते कुछ दिनों से हर रात में चोरियां हो रही हैं। छावनी पुलिस चोरी की घटनाओं को रोक पाने में पूरी तरह से असफल साबित हो रही है। लगाकर हो रही चोरियों से क्षेत्र के लोग काफी दहशत में हैं। लोगों का कहना है कि पुलिसिया हनक खत्म हो गई है, जिसकी वजह से चोरियों का सिलसिला रूक नहीं पा रहा है। बुधवार को अर्जुनपुर गांव में चोरों ने घनश्याम उपाध्याय के घर को निशाना बनाया।
इनके घर से लगभग बीस लाख का जेवर व नगदी चुराने में सफल हो गए। घनश्याम उपाध्याय का लड़का दीपक रात में खेत की रखवाली कर रहे थे। दीपक के मुताबिक रात के लगभग 2:00 बजे के करीब चार लोग खेत की तरफ से जा रहे थे। पूछने पर मारने के लिए दौड़ा लिए। इसके बाद मैं जान बचाकर घर भाग आया। घर के अंदर गया तो देखा दरवाजा खुला था। घर के कमरे से चोर 20 लाख के जेवर व नगदी लेकर जा चुके थे। इसकी सूचना छावनी पुलिस को दी गई। थानाध्यक्ष छावनी जनार्दन प्रसाद ने बताया कि घटना की जानकारी है। पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है।