बस्ती : धूमधाम से मनाई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, आधी रात को गुंज उठे जयकारे

बस्ती : श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व माधुर्य, उल्लास, उमंग और उत्साह से भर गया। भगवान योगेश्वर के प्रति अटूट श्रद्धा और आस्था की लहरें उठने लगीं। प्रभु श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर मठ-मंदिर से लेकर घर-बार तक सज-धज कर तैयार हो गए। शाम ढलते ही उत्सव अपनी भव्यता को छूने लगा। जहां-जहां नजर गई, वहां रंग-बिरंगी झालरों से सजी मोहन की झांकियाँ मन मोहने लगीं। अद्भुत साज-सज्जा के साथ भजन, कीर्तन, पूजन-अर्चन का भी धूम मचा रहा। भक्ति-मय माहौल में रात 12 बजे कन्हैया का प्रतीकात्मक जन्म हुआ। घंट-घड़ियाल की ध्वनि चारों ओर गूंज उठी। हाथी, घोड़ा, पालकी और जय कन्हैया लाल की के जयकारों से वातावरण गुंजायमान हो गया। भगवान के श्रीचरणों में पंचामृत और पंच मेवा का भोग लगाने के बाद प्रसाद का वितरण देर रात तक चलता रहा।

गली-मोहल्लों से लेकर मुख्य बाजार, कस्बा और मठ-मंदिरों तक श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की अद्भुत छटा बिखरी रही। भगवान के जन्मोत्सव की मनोहारी झाँकियाँ सजाई गईं। कहीं कारागार में बंद माता देवकी और पिता वासुदेव को तो कहीं पालने में खेल रहे कन्हैया का अद्भुत स्वरूप देखने को मिला। घरों में छोटे बच्चे कन्हैया के पोशाक में लोगों को मंत्रमुग्ध कर रहे थे। महिलाएं और पुरुष एक साथ मंगलगान कर रहे थे। सुंदरकांड, मानस पाठ और बधाई गीतों की धूम रही। भगवान के जन्म से पहले विधि-विधान से पूजन-अर्चन हुआ। लोगों ने अटूट श्रद्धा के साथ मंगलाचरण किया। बाबा भद्रेश्वरनाथ धाम, गांधीनगर स्थित श्री हनुमानगढ़ी, मां काली मंदिर रेलवे स्टेशन, श्री रामजानकी मंदिर गांधीनगर, रौता दुर्गा मंदिर, श्री शनैश्वर मंदिर रौता चौराहा आदि जगहों पर जन्मोत्सव का आयोजन हुआ। यहां दर्शन और पूजन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु आए। आधी रात को भगवान का जन्म होते ही जयकारों की गूंज पूरे क्षेत्र में फैल गई। उत्साह में बच्चे और जवान घरों से बाहर निकलकर आतिशबाजी करने लगे। चारों ओर माहौल भक्तिमय बना रहा।

पुलिस लाइन और जिला कारागार में मनाई गई जन्माष्टमी

पुलिस लाइन और जिला कारागार में जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण की अद्भुत झांकियाँ भी सजाई गईं। पुलिस अधिकारी और कर्मचारी विधि-विधान से पूजन-अर्चन किए। आधी रात के बाद प्रसाद वितरित किया गया। इसी तरह जिले के सभी थानों और पुलिस चौकियों पर भी यह आयोजन हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।

ये भी पढ़ें: कासगंज : झोलाछाप डॉक्टर की लापरवाही से महिला की मौत, गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप

बाराबंकी : बिना पूर्व सूचना बिजली कटौती पर बवाल, उपभोक्ताओं ने किया पावर हाउस का घेराव

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें