
लालगंज, बस्ती। लालगंज थाना क्षेत्र के कोप ग्राम में सप्ताह भर पूर्व हुए चर्चित अपहरण और आत्महत्या कांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने सर्विलांस की मदद से प्रेमी युगल को पश्चिम बंगाल के कोलकाता के पास उल्लूवेरिया (हावड़ा) से गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों में मृतक की पुत्री और उसका प्रेमी शामिल है, जिन्हें पुलिस ने कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय रवाना कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, कोप ग्राम निवासी मनोज कुमार पुत्र रविंद्र ने गांव की ही बबिता चौधरी को बहला-फुसलाकर भगा लिया था। युवती के पिता ने इस संबंध में चार लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि घर से भागने के बाद बबिता ने अपने पिता को फोन पर ‘दो टूक’ जवाब देते हुए लौटने से मना कर दिया था।
सदमे में पिता ने लगा ली थी फांसी
बेटी के व्यवहार और लोक-लाज से आहत होकर पिता अवधेश चौधरी गहरे अवसाद में चले गए थे। घटना के दूसरे दिन ही शाम करीब साढ़े सात बजे उन्होंने घर के शौचालय में गमछे का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। इस दुखद घटना के बाद पुलिस ने मामले में धाराएं बढ़ाते हुए बबिता चौधरी को पिता को आत्महत्या के लिए उकसाने और मनोज कुमार को अपहरण व अन्य गंभीर धाराओं में आरोपी बनाया था।
थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि घटना के बाद से ही दोनों आरोपी फरार थे। पुलिस की सर्विलांस टीम लगातार उनके मोबाइल लोकेशन को ट्रैक कर रही थी। लोकेशन कोलकाता के निकट उल्लूवेरिया (हावड़ा) मिलने पर पुलिस टीम ने वहां छापेमारी की और दोनों को हिरासत में ले लिया।
जिसमें गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष संजय कुमार, उपनिरीक्षक अनंत कुमार मिश्रा, कांस्टेबल अरविंद यादव और महिला कांस्टेबल केसरी वर्मा शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ विधिक प्रक्रिया पूरी कर उन्हें बस्ती न्यायालय के लिए रवाना किया गया है।
यह भी पढ़े : तारिक रहमान ने मां खालिदा जिया को दी श्रद्धांजलि










