
Dubaulia, Basti : दुबौलिया थाना क्षेत्र के पूरे ओरी राय गांव के 22 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में बिहार के बरौनी जंक्शन पर मौत हो गई। शनिवार को शव घर पहुंचा तो परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
जानकारी के अनुसार, पूरे ओरी राय गांव निवासी मनोज कुमार 22 वर्ष तीन दिन पूर्व मुम्बई से ट्रेन में बैठकर घर के लिए निकला था, लेकिन वह घर नहीं पहुंचा। शुक्रवार को परिजनों के मोबाइल पर बिहार के बेगूसराय जिले के थाना राजेंद्र नगर बरौनी जंक्शन से जीआरपी ने सूचना दी कि मनोज कुमार ट्रेन से कटकर मृत हो गया है। परिजनों ने फोटो देखकर उसकी पहचान की।
परिजनों का कहना है कि मनोज कुमार मुम्बई से घर लौट रहा था, लेकिन किन परिस्थितियों में वह बरौनी जंक्शन पर पहुंचा, किसी को स्पष्ट जानकारी नहीं है। मनोज कुमार दो भाइयों में सबसे छोटा था और मुम्बई में टाइल्स मिस्त्री का काम करता था।
शनिवार की दोपहर पोस्टमार्टम के बाद जब शव घर पहुंचा, तो परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।













