
Calvary, Basti : सरयू नदी पर बने टाण्डा पुल की मरम्मत कार्य में लगातार हो रही देरी से आमजन में असमंजस और परेशानी का माहौल बना हुआ है। 12 सितंबर से शुरू हुआ मरम्मत कार्य अब तक पूरा नहीं हो सका है। वर्तमान में पुल पर अंतिम लेयर (फाइनल लेयर) डालने का काम चल रहा है, लेकिन विभागीय कर्मचारियों के अनुसार अभी कार्य के समाप्त होने में और समय लगेगा।
करीब सवा दो किलोमीटर लंबे इस पुल पर फिलहाल केवल दोपहिया वाहनों के आवागमन की अनुमति दी गई है, जिससे लोगों को कुछ राहत जरूर मिली है, लेकिन चारपहिया वाहनों के संचालन के लिए अभी इंतजार करना पड़ेगा। विभागीय सूत्रों के मुताबिक मार्च माह तक ही पुल को चारपहिया वाहनों के लिए खोलने की संभावना जताई जा रही है।
पुल पर कार्य कर रहे कर्मचारियों का कहना है कि तकनीकी कारणों के साथ-साथ लेयरिंग कार्य में विशेष सतर्कता बरते जाने के चलते मरम्मत अपेक्षा से अधिक समय ले रही है। कार्य को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है, जिससे निर्धारित समय-सीमा आगे खिसक गई है।
गौरतलब है कि टाण्डा पुल बस्ती, अंबेडकर नगर सहित कई जनपदों को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। पुल के आंशिक रूप से बंद रहने से व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं, वहीं दैनिक यात्रियों और स्थानीय लोगों को लंबा चक्कर लगाकर आवागमन करना पड़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मरम्मत कार्य में तेजी लाने और चारपहिया वाहनों के संचालन को लेकर स्पष्ट समय-सीमा घोषित करने की मांग की है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन तय समय तक कार्य पूरा कर पुल को पूरी तरह कब तक चालू कर पाता है।










