Basti : संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता का फंदे से लटकता मिला शव

  • दादी की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज, पति गौरव सिंह हिरासत में

Dubaulia, Basti : दुबौलिया थाना क्षेत्र के पिपरी ऊंजी गांव में एक 25 वर्षीय विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। परिजन आनन-फानन में विवाहिता को सीएचसी कलवारी ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं मायके वालों ने ससुरालियों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है।

जानकारी के अनुसार, पिपरी ऊंजी गांव निवासी गौरव सिंह की पत्नी दीक्षा सिंह 25 वर्ष का शव सोमवार की रात करीब ग्यारह बजे संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे में पंखे के सहारे दुपट्टे से लटका देखा गया। आनन-फानन में परिजन 108 एम्बुलेंस से उसे सीएचसी कलवारी ले गए, जहां चिकित्सकों ने दीक्षा को मृत घोषित कर दिया। मायके वालों का आरोप है कि ससुराल वालों ने दहेज के लिए उसे प्रताड़ित कर हत्या की।

मायके वालों की सूचना पर पहुंची दुबौलिया पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बस्ती भेज दिया। मौके पर पहुंचे मायके वालों ने पति, सास और ननद पर दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित करने का आरोप लगाया।

मृतका की दादी शैल कुमारी सिंह, निवासी वरईपारा थाना बखिरा, जनपद संतकबीर, ने बताया कि दीक्षा के पिता प्रदीप सिंह चंडीगढ़ में रहते हैं। घटना की सूचना मिलने पर वे घर के लिए रवाना हो गए हैं। दादी ने कहा कि उनकी नातिन दीक्षा सिंह उर्फ लवली सिंह की शादी 5 नवंबर 2022 को हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल के लोग अक्सर दीक्षा को प्रताड़ित करते रहते थे। सोमवार की रात दीक्षा की हत्या कर उसे फंदे से लटका दिया गया।

दुबौलिया पुलिस ने मृतका की दादी शैल कुमारी सिंह की तहरीर पर पति, सास और ननद के खिलाफ बीएनएस 178, 80 और 3/4 डीपी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर, पति को हिरासत में ले लिया है।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें