
Harraiya, Basti : उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा मिशन शक्ति फेज 5 के शुभारंभ कार्यक्रम के प्रसारण के मौके पर थाना हर्रैया के प्रांगण में भव्य आयोजन हुआ, जहां मौजूद लोगों ने वर्चुअल उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री का उद्बोधन सुना। इस मौके पर क्षेत्राधिकारी संजय सिंह, प्रभारी निरीक्षक तहसीलदार सिंह के अलावा थाना परिवार के सभी अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं, शिक्षक-शिक्षिकाएं, गणमान्य नागरिक तथा पत्रकार मौजूद रहे।
महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मिशन शक्ति का पाँचवाँ चरण मिशन शक्ति 5.0 आगामी 22 सितम्बर से शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर प्रारंभ हुआ, जिसका शुभारंभ प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोकभवन से किया। उन्होंने सभी 1647 थानों में नवस्थापित केंद्रों का वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन किया। इसी क्रम में कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखने और मुख्यमंत्री को सुनने के लिए हर्रैया थाना परिसर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पूरे 30 दिनों तक चलने वाला यह अभियान महिलाओं एवं बेटियों की सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने, उन्हें अधिकारों के प्रति जागरूक करने तथा आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
क्षेत्राधिकारी ने बताया कि मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत महिला सुरक्षा से जुड़े बहुआयामी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सार्वजनिक स्थलों, धार्मिक आयोजनों, बाजारों तथा भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में महिला पुलिस बल की विशेष तैनाती की जाएगी। पैदल गश्त, रात्रि गश्त और एंटी रोमियो स्क्वॉड को सक्रिय करते हुए किसी भी असामाजिक तत्व के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पुलिस कंट्रोल रूम और हेल्पलाइन 1090 को 24 घंटे पूरी तरह से सक्रिय रखा जाएगा, ताकि आपात स्थिति में तुरंत सहायता उपलब्ध हो सके।
अभियान के दौरान महिला पुलिसकर्मी ग्राम पंचायतों और शहरी वार्डों में जाकर महिलाओं और किशोरियों को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देंगी। विद्यालयों, महाविद्यालयों और सामुदायिक स्थलों पर आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर, जागरूकता रैलियाँ और संगोष्ठियों का आयोजन होगा। इसके अलावा पिंक बूथ भी स्थापित किए जाएंगे, जहाँ महिलाएँ निःसंकोच अपनी समस्याएँ दर्ज करा सकेंगी।
ग्राम प्रधान, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा बहुएँ, स्वयंसेवी संगठन और सामाजिक कार्यकर्ता इस अभियान में सक्रिय रूप से जुड़ेंगे। उनका लक्ष्य है कि महिलाओं और बालिकाओं के लिए सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति 5.0 का उद्देश्य केवल सुरक्षा प्रदान करना ही नहीं, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और समाज में उनकी गरिमा सुनिश्चित करना भी है।
ये भी पढ़ें: दिल्ली पुलिस ने समीर मोदी की जमानत याचिका का विरोध किया
Ballia : प्रधानाध्यापक को गोली मारने वाला एक बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार