बरेली : शेर अली जाफरी बने किसान एकता संघ के पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष

बरेली। शेर अली जाफरी बरेली की राजनीति का चर्चित नाम रहे हैं। कई उतार चढ़ाव से गुजरने के बाद उन्होंने अब अपना पूरा जीवन किसान राजनीति को समर्पित करने का फैसला किया है। किसानों के प्रमुख संगठन किसान एकता संघ ने श्री जाफरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अपना प्रदेश अध्य़क्ष बनाया है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बड़े किसान नेता व किसान एकता संघ के राष्ट्रीय संगठन मंत्री डा. रवि नागर ने आज विधिवत एक प्रेस वार्ता में इसका ऐलान किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी सोरन प्रधान एवं प्रदेश अध्यक्ष पंडित प्रमोद शर्मा की संस्तुति पर जाफरी साहब को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।

करीब चार दशक पहले शिक्षा के क्षेत्र में कदम बढ़ाकर खुसरो कालेज के नाम से एक लम्बी श्रंख्ला स्थापित करने वाले शेर अली जाफरी ने जब राजनीति में कदम रखा तब वह कई के चहेते और कई की आंख की किरकिरी भी बने। वह चुनाव तो कोई नहीं जीते मगर कई स्थापित नेताओं को हराने की वजह जरूर बने। विवाद और दुश्मनी राजनीति के बाईप्रोडेक्ट के रूप में मिली। एक अखबार भी चलाया और भी बहुत कुछ किया। विवादों में जेल भी गए और छूटे भी। शेर अली जाफरी अब नए अवतार में सामने आ रहे हैं। उनसे कई मुद्दों पर बात की तथा समझा कि उनकी आगे की योजनायें क्या हैं।

आपने अचानक किसान नेता बनने का फैसला कैसे कर लिया..?

मैं 265 दिन जेल में रहा। सोचने समझने का बेहद वक्त मिला। मुझे लगा कि एक उत्साह में जोश में बहुत कुछ करता चला गया। समाज और लोग मेरे दिल में बसते हैं मैं उनको और वह मुझे छोड़ नहीं सकते। मुझे ऊपर वाले ने बहुत कुछ दिया है। मैं कुछ भी करूंगा वह राजनीति में गिना जायेगा। किसान और खेती एक ऐसा क्षेत्र है जहां बिना किसी मकसद और बिना किसी किस्म की राजनीति के बहुत कुछ किया जा सकता है। मैं किसान परिवार से हूं। देश के असंख्य किसानों का दर्द समझता हूं। भाई डा. रवि नागर जी और पूरी टीम का साथ है। मुझे लगता है मैं किसानों का सेवक बनकर शेष जीवन सेवा का कार्य सेवा को समर्पित कर सकता हूं।

जेल क्यों जाना पड़ा….?

हमारे साथ बड़ा धोखा हुआ। खुसरो कालेज की स्थापना हमने गरीब बच्चों की शैक्षणिक व्यवस्था को ठीक करने के उद्देश्य से की थी। आज तक हमने लाखों की संख्या में बच्चों को शिक्षित किया, उनके जीवन को संवारा। हम किसी के साथ धोखा क्यों करेंगे। हमें आस्था कंस्टलेंसी ने संपर्क किया। खुसरो कालेज में कुछ अस्थाई प्रवेश थे। हमारे पास पूरा इंफ्रास्ट्रेक्चर है। हम सभी नियमों का पालन करते हैं। समय सीमा निकलने की तकनीकि कमी के कारण यह बच्चे अस्थाई प्रवेश में रह गए। कंसलटेंसी वालों ने हमें धोखा दिया। हमसे बच्चों की पूरी फीस ली मगर उनके साथ फ्राड किया। इसमें हमें भी फंसा लिया गया। हमने खुद कंसलटेंसी के खिलाफ मुकदमा लिखवाया। लेकिन साजिश करने वाले हमारे भी पीछे थे। उन्होंने हमें भी जेल भिजवा दिया। हमने अपने पास से अब तक लगभग सौ बच्चों की फीस को रिफंड किया है। आज भी जो चाहें, कोर्ट में कंप्रोमाइज दाखिल करके अपनी फीस का रिफंड ले सकते हैं। हमारी नीयत हमेशा शिक्षा और पढ़ने वालों और समाज के लिए सदैव पूरी तरह से साफ रही है। मानवता के नाते हम सभी का पैसा अपने पास से लौटा रहे हैं। मामला कोर्ट में भी विचाराधीन है।

पहले कालेज बनाये फिर राजनीति में आये, आगे की योजना क्या है३?

अब काफी दुनिया देख ली। मैं शहर और भोजीपुरा विधानसभा से चुनाव लड़ा। मेरी पत्नी नूरजहां जाफरी जी मेयर का चुनाव भी लड़ी। समाज का बड़ा जुड़ाव मेरे साथ रहा। वक्त को मंजूर नहीं था। मैने बहुत सोचा दृ लगा समाज के लिए कुछ करने का जज्बा खत्म नहीं कर सकूंगा। मैं किसान परिवार से आता हूं। किसान एकता संघ और भाई डा. रवि नागर जी के सम्पर्क में आया। अब पूरा जीवन किसान सेवा को समर्पित करने का फैसला किया है।

शेर अली जाफरी को आज पश्चिम उत्तर प्रदेश के बड़े किसान नेता डा. रवि नागर ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश का अध्यक्ष घोषित किया। उपजा प्रेस क्लब में हुई एक प्रेस वार्ता में डा. नागर ने बताया कि संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी सोरन प्रधान एवं प्रदेश अध्यक्ष पंडित प्रमोद शर्मा की संस्तुति पर यह घोषणा की गई है। डा. रवि नागर ने कहा कि नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष श्री जाफरी पूरे प्रदेश में सभी वर्ग एवं समाज के किसानों को जोड़कर किसान एकता संघ को मजबूत करेंगे तथा किसानों के हित की आवाज को मजबूती से उठायेंगे तथा किसानों के हक में संघर्ष करके किसानों को न्याय दिलाने में अग्रणी भूमिका अदा करेंगे।

इस अवसर पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के नवनियुक्त अध्यक्ष शेर अली जाफरी ने कहा कि खेती किसानी से उनका पुराना नाता है। किसानों के हितों के मुद्दे उनको प्रभावित करते हैं। उन्होंने अपना जीवन किसान हित के कार्याे को समर्पित करने का फैसला किया है। उन्होंने संगठन के नेतृत्व का उनको जिम्मेदारी सौंपने के लिए धन्यवाद दिया। इस अवसर पर किसान हित के कई मुद्दों को भी उठाया गया।

इस अवसर पर प्रमुख रूप से राष्ट्रीय सचिव यज्ञ प्रकाश गंगवार, प्रदेश अध्यक्ष युवा मोर्चा पंडित राजेश शर्मा, नवनियुक्त पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष शेर अली जाफरी, प्रदेश उपाध्यक्ष श्यामपाल गुर्जर, मंडल अध्यक्ष बोहरनलाल गुर्जर, मंडल अध्यक्ष युवा मोर्चा जय सिंह यादव, मंडल महासचिव डा. अंशू भारती, मंडल महासचिव युवा मोर्चा खेतल सिंह गुर्जर, जिला महासचिव अवधेश सिंह सहित सैकड़ो किसान उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें