
- बोले– हिस्ट्रीशीटर और गैंग्स पर चलेगा बुलडोजर
बरेली। बरेली रेंज के नए डीआईजी अजय कुमार साहनी ने बुधवार देर रात चार्ज संभाल लिया। गुरुवार सुबह उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में साफ किया कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ अब समझौते की कोई गुंजाइश नहीं होगी। उन्होंने कहा कि संगठित अपराध और हिस्ट्रीशीटरों पर पुलिस की कार्रवाई बेहद सख्त और निर्णायक होगी।
साइबर क्राइम को बताया सबसे बड़ी चुनौती
डीआईजी साहनी ने कहा कि आज के दौर में साइबर क्राइम सबसे गंभीर चुनौती बन चुका है। इसे रोकना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने बताया कि रेंज के सभी जिलों में पहले से साइबर थाने और हेल्प डेस्क मौजूद हैं, लेकिन अब इन संसाधनों का प्रभावी इस्तेमाल कर आमजन को जागरूक किया जाएगा।
स्कूलों में चलाएंगे जागरूकता अभियान
साहनी ने कहा कि बच्चों और युवाओं को साइबर अपराधों से सतर्क करने के लिए स्कूलों में विशेष अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि वह खुद भी समय-समय पर स्कूलों में जाकर छात्रों से संवाद करेंगे।
अपराधियों को दी कड़ी चेतावनी
उन्होंने कहा, “शांति भंग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। जो भी व्यक्ति सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
एनकाउंटर स्पेशलिस्ट के नाम से मशहूर हैं साहनी
2009 बैच के आईपीएस अफसर अजय कुमार साहनी इससे पहले सहारनपुर रेंज में डीआईजी के पद पर कार्यरत थे। वे ‘एनकाउंटर स्पेशलिस्ट’ के रूप में पहचाने जाते हैं और एक प्रतिष्ठित मैगजीन के सर्वे में देश के 50 श्रेष्ठ आईपीएस अफसरों में शुमार किए जा चुके हैं।
अब बरेली रेंज में अपराधियों की खैर नहीं
आईजी डॉ. राकेश कुमार सिंह के सेवानिवृत्त होने के बाद डीआईजी साहनी को बरेली रेंज की कमान सौंपी गई है। उनकी तैनाती के बाद बरेली, बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर में अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की उम्मीद की जा रही है। खासकर संगठित अपराध और हिस्ट्रीशीटरों पर अब पुलिस का शिकंजा और कसने जा रहा है।
यह भी पढ़े – S-400 SAM : पाकिस्तान के मिसाइल हमले पर सटीक जवाब… भारत के ‘सुदर्शन’ ने दिखाया अपना दम – https://shorturl.at/Uy7uq