
भास्कर ब्यूरो
- मुख्यमंत्री का निर्देश शहर के भीड़भाड़ वाले मार्गों पर ई-रिक्शा पूरी तरह प्रतिबंधित
बरेली। नगर की सड़कों पर बेलगाम दौड़ते ई-रिक्शा अब कसे नजर आएंगे। यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए बरेली प्रशासन ने कमर कस ली है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर 1 मई से शहर के भीड़भाड़ वाले प्रमुख मार्गों पर ई-रिक्शा संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। वहीं, कुछ इलाकों में इनके लिए एकल दिशा मार्ग तय किए गए हैं। नियम तोड़ने पर ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
प्रदेशभर में 1 अप्रैल से 30 अप्रैल 2025 तक ई-रिक्शा के अनाधिकृत संचालन के खिलाफ अभियान चलाया गया। अब इसी क्रम में बरेली में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए विशेष योजना बनाई गई है। इसके तहत नगर क्षेत्र के कई मार्गों पर ई-रिक्शा संचालन प्रतिबंधित रहेगा और कुछ मार्गों पर एकल दिशा में परिचालन की अनुमति दी जाएगी। यह व्यवस्था 1 मई 2025 से प्रभावी होगी।
जिला प्रशासन ने सभी थाना प्रभारियों और क्षेत्राधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने थाना क्षेत्रों में मीटिंग कर ई-रिक्शा चालकों को नई व्यवस्था के बारे में जागरूक करें।
इन मार्गों पर रहेगा ई-रिक्शा पर प्रतिबंध
ई-रिक्शा संचालन को लेकर नगर के जिन मार्गों पर प्रतिबंध लगाया गया है, उनमें किला थाना क्षेत्र के अंतर्गत किला क्रॉसिंग से कटरा मानराय तक (1.3 किमी) का मार्ग शामिल है। बारादरी थाना क्षेत्र के श्यामगंज चौराहे से साहूगोपीनाथ तक (600 मीटर) और श्यामगंज चौराहे से साहूगोपीनाथ (1 किमी) तक के मार्ग भी प्रतिबंधित रहेंगे।
कोतवाली थाना क्षेत्र में खलील तिराहे से कुतुबखाना तक, नावल्टी से साहूगोपीनाथ होते हुए कुतुबखाना तक (800 मीटर) और कुतुबखाना क्षेत्र में 1.2 किमी का मार्ग ई-रिक्शा संचालन से मुक्त रहेगा।
इसके अलावा, सिकलापुर से पटेल चौक (600 मीटर) मार्ग पर गलत दिशा में वाहन संचालन से दुर्घटना की संभावना को देखते हुए प्रतिबंध लागू रहेगा।
बरेली कॉलेज से मठ की चौकी (नावल्टी) तक (800 मीटर) और कुतुबखाना क्षेत्र में 900 मीटर का एक अन्य मार्ग भी प्रतिबंध के दायरे में आएगा।
इन मार्गों पर एकल दिशा में चलेगा ई-रिक्शा
चौपला से नावल्टी (वाया खलील तिराहा) तक एकल दिशा में ई-रिक्शा का संचालन किया जाएगा।
नावल्टी से चौपला (वाया पटेल चौक) और नावल्टी से सिकलापुर तक के मार्ग भी एकल दिशा में तय किए गए हैं।
सिकलापुर से पटेल चौक (वाया बरेली कॉलेज, नगर निगम) होकर और जंक्शन तिराहा तथा चौपला से जंक्शन तिराहा (वाया दामोदर पार्क, कचहरी) के रास्ते भी ई-रिक्शा के लिए एकल दिशा मार्ग निर्धारित किए गए हैं।
प्रेमनगर थाना क्षेत्र में कोहाड़ापीर से अशोक नगर तिराहा तथा अशोक नगर तिराहा से सूद धर्मकांटा और सूद धर्मकांटा से कोहाड़ापीर तक के मार्ग ई-रिक्शा/ऑटो एकल दिशा मार्ग के रूप में संचालित होंगे
सख्ती का ऐलान
साथ ही निर्देश दिये गए हैं कि नियमों के उल्लंघन पर ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ चालान से लेकर वाहन सीज करने तक की कार्रवाई की जाएगी। वही नगरवासियों को सुगम यातायात सुविधा देने के लिए यह कदम बेहद जरूरी बताया गया है।