बरेली। सुबह सबेरे करीब साढ़े दस बजे डीएम अविनाश सिंह अचानक जिला अस्पताल पहुंच गए। ना कोई गाड़ी, ना कोई लाव लश्कर। अस्पताल से कुछ दूर सब्जी मंडी में गाड़ियों को छोड़ दिया। मुंह पर मास्क, सिर्फ एक सहयोगी के साथ बारीकी से अस्पताल का हर कोना देखा– खामियों को छाना। एक मरीज की तरह लाइन में लगकर पर्चा भी बनवाया। कुछ और अधिकारी भी अलग अलग वार्डो में यही काम कर रहे थे। कुल मिलाकर डीएम ने अनूठा ग्राउंड रिएलिटी चैक किया, जो कि एक अच्छा कदम था। अस्पताल के अफसरों को पता चला तब हड़ंकप मच गया। मीडिया वालों से अंत में कहा – कुछ कमियां मिली हैं, सुधारा जायेगा।
आमतौर पर अफसर सुधार और विकास के काम फाइलों की नजर से ही देख पाते हैं। डीएम अविनाश सिंह ने ऐसा नहीं किया। सुबह उन्होंने अपनी सरकारी गाड़ी को पास ही की सब्जी मंडी में खड़ा किया और पैदल चलकर अस्पताल के अंदर पहुंच गए। उनके कार्यालय के सहयोगी पीआरओ इमरान साथ साथ चले। मुंह पर मास्क लगाये हुए। कई अन्य अधिकारी, सीडीओ, एडीएम, एसडीएम आदि भी इसी तरह से अन्य वार्डो का निरीक्षण कर रहे थे। करीब सवा घंटे तक डीएम और सभी अधिकारी अस्पताल में रहे। घूमते समझते रहे। मरीजों से भी बात की। लाइन में लगकर पर्चा भी बनवाया। अस्पताल के कर्मचारी भी नहीं पहचान सके कि जो सामने खड़े हैं वह डीएम हैं। इमरजेंसी वार्ड, पैथोलॉजी व विभिन्न वार्डो का बारीकी से निरीक्षण किया गया।
डीएम ने महिला अस्पताल का भी निरीक्षण किया। वहां पर्चा काउंटर पर एक काउंटर खाली पाया गया। भीषण गर्मी में कई मरीज परेशान नजर आये। जब कुछ लोगों को समझ आया कि सवाल पूछने वाले डीएम हैं तब कई मरीजों ने भी अपनी समस्याओं को बताया। कुछ डाक्टरों पर इलाज नहीं करने के आरोप लगे। डीएम ने मौके पर ही इलाज शुरू करने को कहा। इस बीच अस्पताल के कई अफसरों को भी पता चला वह दौड़े दौड़े वहां पहुंच गए।
इस छापा या गोपनीय निरीक्षण के अंतिम चरण में जिलाधिकारी ने कहा कि सभी अधिकारियों के साथ ग्राउंड रिएलिटी चैक किया गया है। पर्चा की लाइन लम्बी है, इसको ठीक कराया जा रहा है। मौके पर सभी डाक्टर मौजूद पाये गए। एक मजिस्ट्रेट ने अल्ट्रा साउंड भी कराया। वहां ज्यादा लम्बी तारीखों की शिकायतें मिलीं। इमरजेंसी में स्ट्रेचर व व्हील चेयर की कमी महसूस की। कहा – ओवरआल व्यवस्था अच्छी है, कुछ सुधार की जरूरत है। उसके कदम उठाये जायेंगे। पार्किंग व बैठने के लिए तीमारदारों की व्यवस्था भी ठीक कराई जायेगी।
यह भी पढ़े : Report : Covid-19 के Delta Variant से हो रहें साइलेंट हार्ट अटैक, पढ़िए IIT इंदौर की ये रिपोर्ट