
- भूमि विवादों पर सख्त रुख
बरेली | जनता से सीधे संवाद और समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से शनिवार को थाना इज्जतनगर में समाधान दिवस आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) बरेली परिक्षेत्र और पुलिस अधीक्षक (नगर) ने हिस्सा लिया और फरियादियों की शिकायतें खुद सुनीं।
डीआईजी ने शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया। जिन मामलों में तत्काल निस्तारण संभव नहीं था, उन्हें लेकर संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए कि समाधान में किसी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
भूमि विवादों को लेकर सख्ती
डीआईजी ने भूमि से जुड़े विवादों को प्राथमिकता में रखने को कहा और स्पष्ट निर्देश दिए कि ऐसे मामलों में राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर जाकर जांच करे और त्वरित समाधान सुनिश्चित करे।
थाने का किया गहन निरीक्षण
इसके बाद डीआईजी अजय साहनी ने एसपी सिटी मानुष पारिक और क्षेत्राधिकारी (नगर तृतीय) के साथ थाना परिसर का निरीक्षण किया। महिला हेल्प डेस्क, भोजनालय, बैरक, बंदीगृह और संपत्ति गृह की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया गया। सफाई व्यवस्था को लेकर भी दिशा-निर्देश जारी किए गए।
अपराधियों पर शिकंजा कसने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने थाना प्रभारी और प्रधान लिपिक को निर्देशित किया कि संगठित अपराध और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाए। गुंडा एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही अभिलेखों को समय पर अपडेट रखने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भी आवश्यक निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें – बलूचिस्तान अलग हुआ तो पाकिस्तान के टुकड़े होना तय, हाथ से जाएगा सोना और तांबा..पढ़ें इनसाइड स्टोरी
https://bhaskardigital.com/if-balochistan-separates-pakistan-is-sure-to-be-divided-gold-and-copper-will-be-lost-read-the-inside-story/