
Sirauli Gauspur, Barabanki : क्षेत्र के हसनापुर मजरे हजरतपुर गांव में एक नवविवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान पूजा (21 वर्ष) पत्नी राजाराम यादव उर्फ पप्पू के रूप में हुई है। पूजा की शादी इसी वर्ष 30 अप्रैल को हुई थी।
पति राजाराम के अनुसार, वह देर रात लगभग 2 बजे बदोसराय से घर लौटा। कमरे का दरवाजा बंद था। अंदर पहुंचने पर उसने देखा कि पूजा छत के पंखे से लटक रही थी। राजाराम ने बताया कि शाम को खाने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद पत्नी नाराज थी।
मृतका के पिता बड़कऊ पुत्र अवध राम, निवासी बेहटा थाना दरियाबाद, ने बताया कि उनकी बेटी से कल ही बात हुई थी और वह बिल्कुल ठीक लग रही थी। रात करीब 2 बजे उन्हें फोन पर बेटी की मौत की खबर मिली।
जानकारी के अनुसार, ससुराल वाले शव को सरयू नदी किनारे अंतिम संस्कार के लिए ले जा रहे थे, तभी पुलिस को सूचना मिल गई। बदोसराय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया। कोतवाली बदोसराय प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार विद्यार्थी ने नायब तहसीलदार सिरौलीगौसपुर दिनेश कुमार पाण्डेय को बुलाकर पंचनामा भरवाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका के परिजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है।