
- नीरज जैन आत्महत्या मामले में भाजपाई आरोपी पर कार्रवाई की उठी मांग
Barabanki : व्यापारी नीरज जैन की आत्महत्या के दुष्प्रेरण के मामले में नामज़द सूदखोर अभियुक्त पर कार्रवाई न होने के विरोध में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) ने गुरुवार को जिलाधिकारी कार्यालय के सामने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि आरोपी एक भाजपा से जुड़ा व्यक्ति है, इसलिए न तो उसकी गिरफ्तारी हो रही है और न ही प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई की जा रही है।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए भाकपा राज्य परिषद सदस्य रणधीर सिंह सुमन ने कहा कि जनपद में सूदखोरी का जाल तेजी से फैल रहा है। व्यापारी, कर्मचारी और मज़दूर सभी सूदखोरों के चंगुल में फँस चुके हैं। उन्होंने मांग की कि पुलिस अधीक्षक के अधीन ‘सूदखोरी रोकथाम सेल’ का गठन किया जाए, ताकि पीड़ितों को राहत मिल सके।
सुमन ने कहा कि नीरज जैन प्रकरण में सभी नामज़द आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए और उनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत संपत्ति ज़ब्त करने की कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन को सूदखोरों को संरक्षण देने की बजाय आम नागरिकों को राहत दिलाने पर ध्यान देना चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान पार्टी के राज्य परिषद सदस्य प्रवीण कुमार, सचिव ब्रजमोहन वर्मा, कोषाध्यक्ष शिव दर्शन वर्मा, और व्यापारी नेता निर्मल जैन ने संयुक्त रूप से जिलाधिकारी के प्रतिनिधि को मांगपत्र सौंपा।
प्रदर्शन में रईस कादरी, विजय प्रताप सिंह, निर्मल वर्मा, श्याम सिंह, बलराम सिंह, अंकुर वर्मा, रूबी सिंह चंदेल, प्रदीपा वर्मा, संतोष कुमार, आनंद सिंह, प्रेमचंद, दीपक वर्मा, दीपक शर्मा, मुनेश्वर प्रसाद, सच्चिदानंद श्रीवास्तव, संदीप तिवारी, मनीष यादव, करण राजपूत, आशीष शुक्ला, और जितेंद्र श्रीवास्तव (जित्तू भैया) सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व व्यापारी शामिल रहे।