
- पं.दीनदयाल उपाध्याय की जयंती में आयोजित हुई गोष्ठी
- पंडित दीनदयाल के जीवन से प्रेरणा लेने का लिया संकल्प
Banda : भारतीय जनसंघ संस्थापक रहे एकात्म मानववाद के प्रणेता पं.दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पूरे जनपद में धूमधाम से मनाई गई। भाजपाइयों ने जहां बूथस्तर पर पंडित जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी, वहीं ओरन कस्बे में जिलास्तरीय गोष्ठी का आयोजन करके पंडित जी को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
गुरुवार को ओरन कस्बा स्थित एक मैरिज हाल में आयोजित जिला स्तरीय गोष्ठी का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष कल्लू सिंह राजपूत और मुख्य अतिथि चित्रकूट के पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रप्रकाश खरे ने पं.दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्प अर्पित करके किया। गोष्ठी को संबोधित करते हुए चित्रकूट के पूर्व जिलाध्यक्ष श्री खरे पंडित जी को भारतीय जनसंघ के साथ ही भाजपा पुरोधा बताया। उन्होंने पं.दीनदयाल के त्याग, समर्पण और अंत्योदय के विचारों को याद किया। भाजपा जिलाध्यक्ष श्री राजपूत ने पं.दीनदयाल के विचारों पर प्रकाश डाला और उनके बताये रास्ते पर चलकर आगे बढ़ने की सीख दी। उन्होंने पार्टी हाईकमान के निर्देश पर मौजूदा समय में भाजपा के अभियानों को सफल बनाने काे कार्यकर्ताओं का आह्वान किया।
कहा कि मोदी सरकार ने जीएसटी घटाकर देश की आम जनता को राहत देने का काम किया है, सरकार के उपहार की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने का जिम्मा पार्टी के कार्यकर्ताओंे को उठाना होगा। कार्यक्रम संयोजक भाजपा जिला उपाध्यक्ष डा.धर्मेंद्र त्रिपाठी ने पंडित जी के एकात्म मानववाद दर्शन और अंत्योदय विचार पर विस्तार से प्रकाश डाला। कहा भारतीय जनता पार्टी पंडित जी के एकात्म मानववाद के दर्शन पर ही आधारित है। बताया कि एकात्म मानववाद का दर्शन व्यक्ति के समग्र विकास, आर्थिक विकेंद्रीकरण, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद पर आधारित है। डा.त्रिपाठी ने भाजपा का अभीष्ट लक्ष्य अंत्योदय को बताया।
कहा कि देश अब तेजी से अंत्योदय यानी समाज के अंतिम व्यक्ति के उदय की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने पंडित जी के जीवन से प्रेरणा लेकर राजनीति में शुचिता की अवधारणा को चरितार्थ करने का आह्वान किया। गोष्ठी का संचालन पूर्व मंडल अध्यक्ष रामबाबू त्रिपाठी ने किया। गोष्ठी को पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक त्रिपाठी जीतू, अखिलेश श्रीवास्तव, बालमुकुंद शुक्ला, अयोध्या सिंह पटेल, नीरज बाजपेई आदि ने भी संबोधित किया। मंडल अध्यक्ष आशीष अनुरागी ने सभी का आभार व्यक्त किया।










