Banda : कूड़े के ढ़ेर में पड़ी मिली पूर्व प्रधानमंत्री की प्रतिमा, भड़के कांग्रेसी

  • आक्रोशित कांग्रेसियों ने नगर पालिका के खिलाफ की नारेबाजी
  • भाजपा सरकार पर महापुरुषों को अपमानित करने का आरोप

Banda : भारत रत्न व पूर्व प्रधानमंत्री की प्रतिमा कूड़े के ढेर में पड़ी होने पर भड़के कांग्रेसियों ने नगर पालिका के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध जताया। कांग्रेसियों ने भाजपा सरकार पर महापुरुषों को अपमानित करने का आरोप लगाया। चेतावनी दी एक सप्ताह के अंदर प्रतिमा स्थापना व पार्क का सुंदरीकरण न कराए जाने पर कायकर्ता सड़कों पर उतर कर आंदोलन करेंगे।
जिला मुख्यालय स्थित अमर टाकीज तिराहे पर नगर पालिका परिषद की अगुवाई में पार्क सुंदरीकरण का कार्य किया जा रहा है। रविवार को महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष सीमा खान के साथ पदाधिकारियों ने पार्क में चल रहे सुंदरीकरण कार्य की हकीकत देखी। पार्क में लगी भारत रत्न व पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की प्रतिमा कूड़े के ढेर में पड़ी मिलने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई। आक्रोशित होकर कांग्रेसियों ने नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित ने कहा कि भाजपा सरकार महापुरुषों के नाम पर बने हुए पार्क के रखरखाव का झूठा ढिंढोरा पीट रही है। डबल इंजन की सरकार लगातार देश के महापुरुषों को अपमानित कर रही है। पार्क के स्वरूप को बदलकर छोटा कर दिया गया। चेतावनी दी कि एक सप्ताह के अंदर प्रतिमा स्थापना व पार्क का सुंदरीकरण नहीं कराया जाता तो कार्यकर्ता सड़कों में उतर कर आंदोलन करेगी। इस अवसर पर पीसीसी मुमताज अली, डा.संजय द्विवेदी दनादन, सत्य प्रकाश द्विवेदी, शकील अहमद, संतोष द्विवेदी, जुगनू, साद खान सहित तमाम कांग्रेसी मौजूद रहे।

पार्क में स्थापित होगी इंदिरा गांधी की नई प्रतिमा : बासू

शहर के अमर टाकीज चौराहा स्थित इंदिरा पार्क में लगी पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की प्रतिमा को लावारिस हालत में फेंके जाने के मामले पर जब कांग्रेसियों ने विरोध प्रदर्शन किया तो नगर पालिका चेयरमैन के प्रतिनिधि अंकित बासू ने वास्तविक हकीकत बताई। बताया कि पार्क का सुंदरीकरण कराया जा रहा है, जिसमें इंदिरा गांधी की पुरानी प्रतिमा को हटाकर नई प्रतिमा लगवाने का काम भी प्रस्तावित है। ऐेसे में पुरानी प्रतिमा को निकालकर दूसरे स्थान पर रखवाया गया है। सुंदरीकरण में इंदिरा गांधी की नई प्रतिमा स्थापित कराई जाएगी। श्री बासू ने महापुरुषों के अपमान के आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि भाजपा सभी महापुरुषों का सम्मान करने वाली पार्टी है और उनके कार्यकाल में सभी महापुरुषों का सम्मान किया जा रहा है और शहर के विभिन्न चौराहों और पार्कों मंे महापुरुषों की प्रतिमाएं स्थापित की जा रही हैं।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें