
बांदा: जिले में किसानों को हो रही खाद की किल्लत को लेकर सपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट में नारेबाजी करते हुए धरना देकर जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। समाजवादियों ने नारेबाजी के बीच राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा। इसमें कहा गया है कि प्रदेश का अन्नदाता उर्वरक के लिए लाइन लगाकर पुलिस की लाठियां खा रहा है, लेकिन सरकार के कान में जूं तक नहीं रेंग रही है। राज्यपाल से हस्तक्षेप की मांग करते हुए खाद का संकट खत्म कर किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने की अपील की गई।
प्रांतीय नेतृत्व के निर्देश पर शुक्रवार को सपा जिलाध्यक्ष डॉ. मधुसूदन कुशवाहा की अगुवाई में पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने जिले भर में खाद संकट के मुद्दे पर कलक्ट्रेट स्थित जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर धरना देकर विरोध-प्रदर्शन किया। किसानों के समर्थन में समाजवादियों ने जमकर नारेबाजी की। विरोध-प्रदर्शन और नारेबाजी के बीच राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा गया।
किसानों के लिए प्रदर्शन कर रहे सपा नेताओं का कहना है कि भाजपा सरकार की कथनी और करनी में फर्क साफ दिख रहा है। सुबह से रात तक लाइन लगाने के बाद भी अन्नदाता उर्वरक नहीं पा रहे हैं। एक तरफ कृषि मंत्री का कहना है कि सभी जनपदों में खाद की कोई कमी नहीं है, वहीं दूसरी तरफ सहकारी समितियों में बड़े पैमाने पर किसानों की भीड़ देखी जा रही है। सांसद कृष्णा देवी पटेल ने कहा कि रात-दिन भूखा-प्यासा रहकर कई दिनों तक लाइन में लगने के बावजूद किसानों को खाद नहीं मिल पा रही है। महिला किसान घर-गृहस्थी और खेती का काम छोड़कर अपने दुधमुंहे बच्चों के साथ लाइन में लगकर खाद का इंतजार करती हैं।
आरोप लगाया गया कि समितियों के अधिकारियों और सत्ता पक्ष की मिलीभगत से खाद की कालाबाजारी चरम पर है। लाइन में लगने वाले किसानों को खाद के बजाय पुलिस की लाठियां खानी पड़ रही हैं। भाजपा सरकार और प्रशासन मिलकर अन्नदाताओं के साथ छलावा कर रहे हैं।
धरना-प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने के दौरान सपा राष्ट्रीय महासचिव व पूर्व मंत्री विशंभर प्रसाद निषाद, पूर्व मंत्री शिवशंकर सिंह पटेल, सपा महिला सभा जिलाध्यक्ष अर्चना पटेल, सपा युवजन सभा राष्ट्रीय सचिव ओमनारायण त्रिपाठी विदित, महेंद्र सिंह वर्मा, किरण वर्मा, किरण यादव, रजनी यादव, उमेश यादव, निशा वर्मा, शिवकरण पाल, देवव्रत सिंह, करण सिंह, पुष्पेंद्र सिंह चुनाले, कुदरत उल्ला, अबरार सिद्दीकी समेत तमाम सपाई उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें: झांसी : रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का शव, कैंसर की बीमारी से था परेशान
मुरादाबाद : दो महीने बाद भी नहीं दर्ज हुई FIR, न्याय के लिए भटक रहा पीड़ित परिवार