Banda : कार्यशाला में छात्राओं को सिखाए सेल्फ डिफेंस के गुर

  • मिशन शक्ति-5.0 के तहत आयोजित की गई कार्यशाला

Banda : जिला प्रोबेशन विभाग के तत्वावधान में आयोजित सेल्फ डिफेंस कार्यशाला में राजकीय बालिका इंटर कालेज की छात्राओं को स्वयं की सुरक्षा के प्रति जागरूक किया और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने की सीख दी गई। जिला प्रोबेशन विभाग की जेंडर विशेषज्ञ कामिनी सिंह और महिला थाने की उपनिरीक्षक रेनू शर्मा ने छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाए और इस संबंध में कानूनी जानकारियां भी दीं।

बुधवार को शहर के पीएमश्री राजकीय बालिका इंटर कालेज में मिशन शक्ति-5.0 के तहत सेल्फ डिफेंस कार्यशाला का आयोजन किया गया। हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वूमेन के तहत आयोजित कार्यशाला में महिला थाने की एसआई रेनू शर्मा ने छात्राओं को सेल्फ डिफेंस के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। बताया कि हर किसी को स्वयं या स्वयं की संपत्ति को नुकसान से बचाने के लिए उचित बल का प्रयोग करने का कानूनी अधिकार दिया गया है। हालांकि इसका उपयोग आपके खिलाफ प्रयोग किए गए बल के अनुपात में होना चाहिए। एसआई रेनू शर्मा ने छात्राओं को सेल्फ डिफेंस के प्रयोग करके प्रशिक्षण भी दिया। जेंडर विशेषज्ञ कामिनी सिंह ने छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सीखने की जरूरत पर बल दिया। कहा कि सेल्फ डिफेंस की जानकारी होने पर बालिकाएं जहां शारीरिक और मानसिक रूप में मजबूत बन सकती हैं, वहीं किसी भी अप्रिय घटना का डटकर सामना भी कर सकतीं हैं। कहा कि सेल्फ डिफेंस की जानकारी छात्राओं में मनोबल की मजबूती के लिए अत्यंत आवश्यक है।

डीएमसी आकांक्षा सिंह ने आपातकाल की स्थिति में छात्राओं को पुलिस हेल्पलाइन नंबरों का प्रयोग करने की नसीहत दी। कार्यशाला में साइबर क्राइम थाना प्रभारी राजेशचंद्र मिश्रा ने साइबर क्राइम से संबंधित घटनाओं की जानकारी और उनसे बचाव के तरीके समझाए। इस मौके पर राजकीय बालिका इंटर कालेज की प्रधानाचार्य निमिषा रंजन, कांस्टेबल दीपराज, शिक्षिका प्रियंका सिंह, अभिलाषा सिंह आदि मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें