
- कांग्रेसियों और पुलिस के बीच हुई जमकर तीखी नोकझोंक
- ईडी के दुरुपयोग का आरोप लगाकर किया जोरदार प्रदर्शन
Banda : नेशनल हेराल्ड और यंग इंडिया मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के कथित दुरुपयोग के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकालकर जिला मुख्यालय पर भाजपा कार्यालय का घेराव करने का प्रयास किया। प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने भाजपा कार्यालय पहुंचने से पहले ही रोक दिया। इस दौरान पुलिसकर्मियों से उनकी तीखी नोकझोंक भी हुई। इसके बाद सभी कांग्रेसी नेता सड़क पर ही बैठ गए और भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर जिला व शहर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित के नेतृत्व में पदाधिकारी व कार्यकर्ता स्टेशन रोड स्थित अवस्थी धर्मशाला में पार्टी कार्यालय पर एकत्र हुए। जुलूस की शक्ल में नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर भाजपा कार्यालय की ओर कूच किया और घेराव करने का प्रयास किया। प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करते हुए भाजपा कार्यालय पहुंचने से पहले ही रोक दिया। इस दौरान पुलिसकर्मियों और कांग्रेसियों के बीच कई बार तीखी नोकझोंक हुई। इसके बाद सभी कांग्रेसी सड़क पर ही बैठ गए और भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि पूरे देश में भाजपा सरकारों की बदनियति और गैरकानूनी तरीके से की गई कार्रवाइयां पूरी तरह बेनकाब हो चुकी हैं। न्यायालय ने नेशनल हेराल्ड और यंग इंडिया मामले में पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर ईडी की कार्रवाई को अवैध और दुर्भावना से ग्रसित पाया है। अदालत ने फैसला दिया है कि ईडी का मामला क्षेत्राधिकार से बाहर है। उसके पास कोई एफआईआर नहीं है और इसके बिना कोई मामला नहीं बनता। उन्होंने इसे असत्य पर सत्य की जीत का जीता-जागता उदाहरण बताया।
शहर अध्यक्ष अफसाना शाह ने कहा कि मोदी सरकार पिछले एक दशक से मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के प्रमुख नेताओं के खिलाफ राजनीतिक प्रतिशोध और बदले की भावना से कार्रवाई कर रही है। आज पूरे देश के सामने भाजपा और उसकी संस्थाएं बेनकाब हो गई हैं। वरिष्ठ कांग्रेस नेता और एआईसीसी सदस्य रमेशचंद्र कोरी ने कहा कि भाजपा की कार्रवाई निम्न स्तरीय राजनीति और सम्मान पर हमला करने की भावना से प्रेरित है।
इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष व एआईसीसी सदस्य प्रद्युम्न कुमार दुबे ‘लालू’, वरिष्ठ उपाध्यक्ष/प्रभारी संगठन संकटा प्रसाद त्रिपाठी, पवन देवी कोरी, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष सीमा खान, शिवबली सिंह, मोहम्मद इदरीश, द्वारिकेश सिंह यादव, बलदेव वर्मा, सूरज बाजपेई, सत्यप्रकाश द्विवेदी, शोएब रिजवी, बी. लाल, राममिलन सिंह पटेल, हेमंत वर्मा, गोमती देवी, उर्मिला देवी, अशरफ उल्ला रंपा, डॉ. के.पी. सेन, सुखदेव गांधी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।










