
बांदा। जिला प्रशासन और पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित भव्य बांदा महोत्सव में जहां स्थानीय कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का खुलकर प्रदर्शन किया। वहीं विख्यात भजन गायिका शहनाज अख्तर के देवी गीतों पर दर्शक देर रात तक झूमते रहे।
शनिवार की रात शहर के जी आई सी मैदान में आयोजित बांदा महोत्सव कार्यक्रम का शुभारम्भ सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी, नरैनी विधायक ओममणि वर्मा, जिलाधिकारी जे. रीभा, भाजपा जिलाध्यक्ष कल्लू सिंह राजपूत, सहकारी बैंक अध्यक्ष पंकज अग्रवाल, नगर पालिका चेयरमैन मालती गुप्ता बासू ने दीप प्रज्जवलित करके किया। महोत्सव में गणेश वंदना और अतिथियों के स्वागत के बाद सांस्कृतिक कार्यकर्मो का आगाज हुआ। स्थानीय कलाकारों की अलग अलग टीमों ने एक से बढ़कर एक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समा बांध दी।
वहीं इंडियन आइडियल विजेता कुलदीप चौहान ने फ़िल्मी गीतों पर सभी मस्ती में झूमने को विवश कर दिया। इसके बाद विख्यात भजन गायिका शहनाज अख्तर ने भगवान श्री राम के भजन प्रस्तुत किये तो दर्शक भक्ति रस में झूम उठे। शहनाज अख्तर ने एक के बाद एक भक्ति गीतों की झड़ी लगा दी तो समूचा पंडाल जयश्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा। इस मौके पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सरिता द्विवेदी, विधायक प्रतिनिधि रजत सेठ, भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष वंदना गुप्ता, वर्षा सेठ, चेयरमेन प्रतिनिधि अंकित बासू, अमित सेठ भोलू, ईडीसी ठेकेदार संघ के जिलाध्यक्ष सचिन मिश्रा समेत शहर के प्रमुख लोग मौजूद रहे।