
Banda : बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के विरोध में हिंदूवादी संगठन विहिप, बजरंग दल, मातृ शक्ति और दुर्गावाहिनी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने स्वतंत्रता स्मारक अशोक लाट तिराहे पर जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बांग्लादेश के मोहम्मद यूनुस के खिलाफ आक्रोश जताया। “हिंदुओं पर अत्याचार नहीं सहेंगे… नहीं सहेंगे” जैसे नारे लगाते हुए बांग्लादेश सरकार का प्रतीकात्मक पुतला फूंका गया। साथ ही भारत सरकार से बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार को तत्काल रोकने के लिए दबाव बनाने की मांग की।
विश्व हिंदू परिषद जिलाध्यक्ष प्रकाशचंद्र त्रिपाठी की अगुवाई में बुधवार को हिंदूवादी संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने महाराणा प्रताप चौक से स्वतंत्रता स्मारक अशोक लाट तिराहे तक पैदल मार्च करते हुए जुलूस निकाला। प्रदर्शनकारियों ने “हिंदुओं पर अत्याचार नहीं सहेंगे… नहीं सहेंगे” और “दीपू के हत्यारों को सख्त सजा दो” जैसे नारे लगाए। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में जब से मोहम्मद यूनुस के हाथ में सत्ता आई है, तब से योजनाबद्ध तरीके से सरकार के संरक्षण में हिंदुओं पर अत्याचार हो रहे हैं। इसे किसी भी हाल में सहन नहीं किया जाएगा।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि उन्मादी भीड़ किसी भी देश का भला नहीं कर सकती। यदि बांग्लादेश सरकार ने इस स्थिति पर नियंत्रण नहीं किया तो वहां हालात और बिगड़ सकते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि बांग्लादेश सरकार हिंदुओं को कमजोर समझने की भूल न करे। विहिप और बजरंग दल ने भारत सरकार से मांग की कि बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार को तत्काल रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं।
इस मौके पर प्रांत पदाधिकारी पवन सिंह, अशोक ओमर, अजय यादव, विभाग प्रमुख अंकित पांडेय, भाजपा जिलाध्यक्ष कल्लू सिंह राजपूत, भाजपा जिला उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र त्रिपाठी, महेश तोमर, प्रभाकर चंदेल, अमित सेठ भोलू, केपी प्रजापति, दीपू दीक्षित, लोकेश, कृष्णा, बदलेश सिंह, मनोज दीक्षित, अच्छत द्विवेदी, साकेत कछवाह, राहुल सिंह सहित विहिप, बजरंग दल, मातृ शक्ति और दुर्गावाहिनी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
यह भी पढ़े : बॉक्स ऑफिस पर ‘धुरंधर’ का दबदबा कायम, ‘अवतार: फायर एंड एश’ रही पीछे












