
- कांग्रेसजनों ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि
- जयंती पर कार्यकर्ताओं ने समाज सेवा का लिया संकल्प
Banda : शहर कांग्रेस कमेटी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री पं.कमलापति त्रिपाठी को जयंती पर याद करते हुए उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। गोष्ठी में उनके व्यवक्तित्व व कृतित्व पर चर्चा करते हुए समाजसेवा का संकल्प लिया। शहर अध्यक्ष ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी होने के साथ ही कुशल राजनीतिज्ञ व विकास पुरुष थे।
स्टेशन रोड अवस्थी धर्मशाला स्थित पार्टी कार्यालय में शहर अध्यक्ष अफसाना शाह की अगुवाई में पूर्व मुख्यमंत्री पं.कमलापति त्रिपाठी को जयंती पर याद किया गया। उनके चित्र पर कांग्रेस जनों ने माल्यार्पण करते हुए पुष्पांजलि अर्पित की। शहर अध्यक्ष ने कहा कि पं.कमलापति त्रिपाठी भारतीय राजनेता, लेखक, पत्रकार और स्वतंत्रता सेनानी थे। वह संविधान सभा के सदस्य रहे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री होने के साथ ही वह केंद्रीय रेल मंत्री रहे। मुख्यमंत्री पद पर रहते हुए उत्तर प्रदेश के निर्माण में उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता।
असहयोग आंदोलन में उन्होंने भाग लिया। वह सविनय अवज्ञा आंदोलन में भी सक्रिय भागीदार थे। आजादी की लड़ाई में वह कई बार जेल गए, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। वह संस्कृत व हिंदी के विद्वान होने के साथ ही भारतीय राजनीति के पुरोधा थे। कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री ने कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाया। वह संगठन को परिवार मानते थे और कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाने का काम करते थे। इस मौके पर राजबहादुर गुप्ता, डा.केपी सेन, शिवबली सिंह, संतोष द्विवेदी, आरिफ निजामी, अंबरीश सिंह, नाथूराम सेन, इस्लाम, अली बख्श, सुखदेव गांधी, मेहंदी हसन, सैय्यद वारिस अली, सुरेश धुरिया, राशिद आदि उपस्थित रहे।