बांदा : उप मुख्यमंत्री व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने गणेश प्रतिमा का पूजन कर लिया आशीर्वाद

  • गणेश भवन में स्थापित बाल गंगाधर तिलक की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
  • नूतन बाल समाज पदाधिकारियों ने सभी का गर्मजोशी से किया स्वागत

बांदा। उप मुख्यमंत्री व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने गणेश भवन में स्थापित भगवान गणेश की 103 वर्ष पुरानी प्रतिमा की विधिवत पूजा-अर्चना करते आरती उतारी। भगवान श्रीगणेश का विशेष पूजन करते हुए आशीर्वाद लिया। उप मुख्यमंत्री ने भवन में स्थापित लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। नूतन बाल समाज संरक्षक समेत अन्य पदाधिकारियों ने उप मुख्यमंत्री के साथ भाजपा प्रदेशाध्यक्ष, जल शक्ति राज्यमंत्री, सदर व नरैनी विधायक आदि का गर्मजोशी से स्वागत किया।

शहर के शास्त्री नगर (अलीगंज) स्थित गणेश भवन में आयोजित 10 दिवसीय गणेश उत्सव के छठवें दिन सोमवार को विशेष कार्यक्रम आयोजित हुआ। उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने संयुक्त रूप से स्थापित भगवान गणेश की 103 वर्ष पुरानी प्रतिमा की विधिवत पूजा-अर्चना और आरती उतार कर आशीर्वाद लया। उप मुख्यमंत्री ने पूजा के बाद गणेश भवन में ही स्थापित लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण किया। उप मुख्यमंत्री ने बाल गंगाधर तिलक के आजादी में किए गए योगदान को याद करते हुए कहा कि ऐसे ऐतिहासिक स्थलों को संरक्षित रखना सभी की जिम्मेदारी है। ऐतिहासिक स्थल राष्ट्र की सांस्कृतिक और स्वतंत्रता की विरासत को जीवंत रखते हैं। भगवान श्रीगणेश की प्रतिमा न केवल धार्मिक महत्व रखती है। इस प्रतिमा को महान स्वतंत्रता सेनानी और राष्ट्रनायक लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक ने आजादी की लड़ाई के दौरान स्थापित किया था। तिलक ने इस मूर्ति के माध्यम से बांदा में क्रांति का बिगुल फूंका था, जो स्वाधीनता संग्राम की एक महत्वपूर्ण कड़ी मानी जाती है। नूतन बाल समाज संरक्षक अशोक त्रिपाठी जीतू समेत अध्यक्ष अशोक अवस्थी, सभापति सुशील तिवारी व अन्य पदाधिकारियों ने उप मुख्यमंत्री और अन्य अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस मौके पर जलशक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद, सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी, नरैनी विधायक ओममणि वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष कल्लू सिंह राजपूत और सचिन चतुर्वेदी, अखिलेश शुक्ल, सत्यनारायण श्रीवास सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।

नूतन बाल समाज की स्मारिका का हुआ विमोचन
कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक सहित भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, जलशक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद, सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी, नरैनी विधायक ओममणि वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष कल्लू सिंह राजपूत आदि ने नूतन बाल समाज द्वारा प्रतिवर्ष प्रकाशित होने वाली स्मारिका का विमोचन किया। यह स्मारिका गणेश उत्सव की परंपराओं, इतिहास और योगदान को दर्शाती है। विमोचन के बाद डिप्टी सीएम ने नूतन बाल समाज के प्रयासों की सराहना की। कहा कि 103 वर्षों से निरंतर चल रहे इस उत्सव और स्मारिका के माध्यम से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। यह न केवल धार्मिक आयोजन है, बल्कि सामाजिक एकता का प्रतीक है

डिप्टी सीएम ने दिवंगत पूर्व प्रधानाचार्य को दी श्रद्धांजलि
प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने सोमवार को शहर के क्योटरा मोहल्ले में रहने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निजी सहायक ओपी सिंह के पैत्रक घर पहुंचे। जहां उनके पिता सरस्वती विद्या मंदिर के संस्थापक प्रधानाचार्य शिवबली सिंह के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की और उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। बता दें कि दिवंगत पूर्व प्रधानाचार्य श्री सिंह का निधन चार दिन पहले हो गया था। तब से शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए उनके आवास पर राजनीतिक दलों के लोगों का तांता लगा हुआ है। पूर्व प्रधानाचार्य श्री सिंह के छोटे पुत्र ओपी सिंह दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निजी सहायक के रूप में तैनात हैं और पीएम के करीबियों में गिने जाते हैं।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें