
Banda : मध्यप्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री विजय शाह द्वारा भारतीय सेना की महिला अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी के खिलाफ की गई विवादास्पद टिप्पणी को लेकर राजनीतिक विरोध तेज हो गया है। इसी क्रम में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष के निर्देश पर शहर कांग्रेस कमेटी ने जिला मुख्यालय में जुलूस निकालकर विरोध-प्रदर्शन किया। साथ ही मंत्री को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग की।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष अफसाना शाह की अगुवाई में गुरुवार को मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री विजय शाह द्वारा भारतीय सेना अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी के खिलाफ की गई अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेसियों ने शहर के विभिन्न मार्गों का भ्रमण करते हुए विजय शाह इस्तीफा दो, विजय शाह को गिरफ्तार करो, विजय शाह को बर्खास्त करो, विजय शाह मुर्दाबाद के नारे लगाए। कांग्रेस शहर अध्यक्ष अफसाना शाह ने कहा कि मध्य प्रदेश शासन के मंत्री विजय शाह द्वारा देश की बेटी व भारतीय सेना की अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी के बारे में की गई अशोभनीय टिप्पणी देश की बेटी एवं नारी सेना का अपमान है। प्रदर्शन के दौरान मंत्री शाह को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग की। प्रदर्शन में संकटा प्रसाद त्रिपाठी, बी.लाल, संतोष कुमार द्विवेदी, कालीचरण निगम, अशोक चौहान, सुमन शुक्ला, अशोक वर्धन, आदित्य कुमार, शब्बीर सौदागर, धीरू पांडेय, अशरफ उल्ला रंपा, सुखदेव गांधी समेत तमाम कांग्रेसीजन शामिल रहे।
जदयू ने प्रदर्शन कर राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन
जनता दल यूनाइटेड (जदयू) युवा प्रकोष्ठ ने गुरुवार को कलक्ट्रेट में मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री विजय शाह के विरुद्ध कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा। इसमें मंत्री विजय शाह को पद से हटाकर कार्रवाई की मांग की। कहा कि सेना धर्म, जाति और लिंग से ऊपर होती है और इस तरह की बयानबाजी सेना की गरिमा और एकता को ठेस पहुंचाती है।
Also Read : https://bhaskardigital.com/bareilly-strict-supervision-of-anurag-arya/