
- प्रदेश अध्यक्ष की पहल के बाद कांग्रेसियों ने खोला मोर्चा, मैदान में धरना
- नीलामी नहीं रुकी तो कांग्रेसियों ने दिया उग्र आंदोलन छेड़ने का अल्टीमेटम
Banda : शहर के बाबूलाल चौराहा स्थित राइफल क्लब मैदान नीलामी की नोटिस प्रकाशित होने के बाद जहां खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में उबाल आ गया, वहीं कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पूर्व मंत्री अजय राय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर इस मुद्दे को गरम कर दिया है। उन्होंने जिलाध्यक्ष और शहर अध्यक्ष को फोन करके बड़ा आंदोलन छेड़ने की हिदायत दी और खुद भी आंदोलन में शामिल होने का भरोसा दिलाया। बता दें कि बांदा विकास प्राधिकरण ने शहर के एकमात्र खेल मैदान की नीलामी को लेकर विज्ञप्ति प्रकाशित करके 21 जनवरी की तारीख नियत कर दी है।
प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर सोमवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित और शहर अध्यक्ष अफसाना शाह की अगुवाई में तमाम पार्टी कार्यकर्ता काली पट्टी बांधकर राइफल क्लब मैदान में एकत्र हुए और शासन-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्री दीक्षित ने शासन-प्रशासन पर मिलीभगत का आरोप लगाया। कहा कि बांदा विकास प्राधिकरण भूमाफियाओं से सांठगांठ करके 21 जनवरी को मैदान की नीलामी करने को लेकर पूरी तैयारी कर चुका है। कहा कि कांग्रेसी राइफल क्लब को नीलाम नहीं होने देंगे, इसके लिए चाहे उन्हें जेल ही क्यों न जाना पड़े। आगामी आंदोलन को लेकर उन्होंने कहा कि प्रांतीय नेतृत्व के दिशा निर्देश पर रणनीति बनाई जाएगी और चरणबद्ध तरीके से आंदोलन किया जाएगा।
शहर अध्यक्ष अफसाना शाह ने मैदान की नीलामी रोकने को मुख्यमंत्री को पत्र भेजने और मैदान बचाने की सकारात्मक पहल करने के लिए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को धन्यवाद ज्ञापित किया। कहा कि कांग्रेसी विकास प्राधिकरण की ईंट से ईंट बजाने को तैयार हैं, लेकिन किसी भी दशा मंे मैदान को नीलाम नहीं होने देंगे। वरिष्ठ उपाध्यक्ष संकटा प्रसाद त्रिपाठी ने नगर पालिका पर मैदान को गलत तरीके से विकास प्राधिकरण के पक्ष में फ्री होल्ड करने का आरोप लगाया। महिला कांग्रेस अध्यक्ष सीमा खान ने कहा कि राइफल क्लब मैदान तमाम ऐतिहासिक घटनाओं को अपने में समेटे हुए है।
यहां हाकी के जादूगर भारत रत्न मेजर ध्यानचंद समेत तमाम अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेटर अपना हुनर दिखा चुके हैं। पीसीसी आदिशक्ति दीक्षित ने राइफल क्लब मैदान को निजी हाथों में सौंपने पर शासन-प्रशासन को आड़े हाथों लिया और नीलामी प्रक्रिया तत्काल वापस लेने की मांग बुलंद की। धरना को एआईसीसी रमेशचंद्र कोरी, पीसीसी भगवानदीन गर्ग, पवन देवी कोरी, मुमताज अली, युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव आकाश दीक्षित, द्वारिकेश यादव मंडेला, माे.इदरीश, रमेशचंद्र द्विवेदी आदि ने भी संबोधित किया। इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष बल्देव वर्मा, सत्यप्रकाश द्विवेदी, मेराज खान, कालीचरण निगम, जितेंद्र गौरव, राममिलन पटेल, इरफान खान, बी.लाल, संतोष द्विवेदी, रूपा सिंह, शन्नो बेगम, रमेशा गुप्ता, शिवाकांत मिश्रा, हेमंत वर्मा समेत तमाम कांग्रेसी शामिल रहे।
आज धरना प्रदर्शन करेगी समाजवादी पार्टी
शहर के एकमात्र खेल मैदान राइफल क्लब की नीलामी रोकने के लिए मंगलवार की सुबह 11 बजे अशोक लाट तिराहे पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता धरना प्रदर्शन करेंगे और जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजेंगे। जानकारी देते हुए सपा जिलाध्यक्ष डा.मधुसूदन कुशवाहा ने बताया कि 123 साल पुराने राइफल क्लब मैदान को नीलाम नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने मैदान की नीलामी रोकने के लिए सपा कार्यकर्ताओं समेत सभी खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और शहरवासियों का आंदोलन में शामिल होने का आह्वान किया है।










