
- महिला कल्याण निगम की अध्यक्ष ने वन स्टाप सेंटर का किया निरीक्षण
Banda : उत्तर प्रदेश महिला कल्याण निगम की अध्यक्ष राज्यमंत्री का दर्जा प्राप्त कमलावती सिंह ने बुधवार को जनपद भ्रमण के दौरान जिला अस्पताल में संचालित वन स्टाप सेंटर का निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं की हकीकत परखी। उन्होंने महिलाओं के लिए चलाई जा रही सरकारी योजनाओं का बखान किया और महिलाओं को योजनाओं से जुड़कर लाभ उठाने का आह्वान किया।
बुधवार को वन स्टाप सेंटर का निरीक्षण करते हुए महिला कल्याण निगम की अध्यक्ष श्रीमती सिंह ने महिलाओं और बालिकाओं के हितों काे प्राथमिकता पर रखने और उन्हें विभिन्न योजनाआें से आच्छादित करने की हिदायत दी। कहा कि महिलाओं व बालिकाओं को योजनाओं के आधार पर मिलने वाली आर्थिक सहायता निर्बाध रूप से उपलब्ध कराई जाए, ताकि उनके जीवन स्तर में सुधार लाया जा सके। निरीक्षण के दौरान महिलाओं व बालिकाओं की समस्याओं का हर संभव समाधान करने की हिदायत दी और दस्तावेजों का अवलोकन करके जमीनी हकीकत परखी।
कहा कि पीड़ित महिलाओं व बालिकाओं की समस्याओं को सही तरीके से सुना जाए और उनकी काउन्सिलिंग करके समस्याओं का समाधान कराया जाए। उन्होंंने प्रदेश सरकार के स्तर से संचालित विभिन्न योजनाओं का गुणगान करते हुए कहा कि देश की मोदी सरकार के साथ कदम से कदम मिलाकर प्रदेश की योगी सरकार महिलाओं और बालिकाओं को उत्पीड़न से बचाने और उन्हें कल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर लाभ पहुंचाने की दिशा मंे निरंतर काम कर रही है। उन्होंने महिला कल्याण विभाग की योजनाओं से सभी महिलाओं को जुड़ने का आह्वान किया। कहा कि प्रदेश की योगी सरकार मिशन शक्ति का पांचवां चरण चला रही है, जिसके तहत महिलाओं व बालिकाओंे को उत्पीड़न के खिलाफ जागरूक करने और उन्हें कानूनी जानकारियों के साथ ही कानूनी मदद उपलब्ध कराए जाने का अभियान चल रहा है।
कन्या जन्मोत्सव मनाकर प्रसूताओं को दी बधाई
राज्य महिला कल्याण निगम की अध्यक्ष कमलावती सिंह ने जिला महिला अस्पताल मंे जन्मी नवजात बच्चियों का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया और उनकी माताओं का मुंह मीठा कराकर उन्हें बधाई दी। श्रीमती सिंह ने कन्या जन्मोत्सव के दौरान बच्चियों को गोद में लेकर दुलराया और केक काटकर उनकी माताओं को बेटी की बेहतर परवरिश करने की नसीहत दी। कहा कि आधुनिक परिवेश में बेटा-बेटी में भेदभाव समाप्त हो रहा है। बेटियां प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़कर अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहीं हैं और देश का नाम रोशन कर रही हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष कल्लू सिंह राजपूत ने बेटियों को अच्छी शिक्षा व परवरिश देने का आह्वान किया। कार्यक्रम का सफल संचालन जेंडर विशेषज्ञ कामिनी सिंह ने किया। इस मौके पर भाजपा के जिला उपाध्यक्ष मनोज पुरवार, जिला महामंत्री अखिलेशनाथ दीक्षित, जिला प्रोबेशन अधिकारी मीनू सिंह, महिला अस्पताल की सीएमएस डा.सुनीता सिंह, डीएमसी आकांक्षा सिंह, महिला थानाध्यक्ष आदि शामिल रहे।










