
- विकास के नाम पर व्यापारियों का विनाश बर्दाश्त नहीं होगा : अमित गुप्ता
- बांट–माप उपकरणों के सत्यापन शुल्क वृद्धि वापस लेने की मांग
- राष्ट्रीय जन उद्योग व्यापार संगठन का हुआ व्यापारी संवाद
Banda : राष्ट्रीय जन उद्योग व्यापार संगठन के तत्वावधान में आयोजित व्यापारी संवाद कार्यक्रम में व्यापारियों के उत्पीड़न पर आक्रोश जताया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि विकास के नाम पर व्यापारियों का विनाश बर्दाश्त नहीं होगा। जरूरत पड़ी तो एक निशान–एक विधान बनाकर व्यापारियों की आवाज बुलंद की जाएगी।
स्टेशन रोड स्थित रामलीला मंडप के नजदीक मैरिज हाल में मंगलवार को व्यापारी संवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ। शुभारंभ संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित गुप्ता व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष संदीप अग्रवाल गुड्डा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष समेत अन्य संगठन पदाधिकारियों ने व्यापारियों की समस्याएं सुनीं। व्यापारियों के उत्पीड़न पर नाराजगी जताते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि विकास के नाम पर व्यापारियों का विनाश कतई बर्दाश्त नहीं होगा।
हाल ही में केंद्र सरकार के उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय से जारी अधिसूचना पर गहरा विरोध जताया गया। बताया कि गजट के अनुसार जल मीटर, स्फिग्मोमैनोमीटर, थर्मामीटर, गैस मीटर और तौल यंत्रों सहित 18 प्रकार के उपकरणों के वार्षिक सत्यापन शुल्क में वृद्धि की गई है। 10 किलोग्राम तक के तराजू की फीस 220 से बढ़ाकर 2000 रुपये कर दी गई है। काउंटर मशीन और बांटों के शुल्क में भी कई गुना वृद्धि की गई है। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने इस वृद्धि को अव्यावहारिक बताते हुए इसे खारिज करने की मांग की।
बबेरू में चौराहों के चौड़ीकरण के नाम पर व्यापारियों को उजाड़ने की कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए कहा कि विकास का वह मॉडल स्वीकार्य नहीं है जो रोजगार छीन ले। चेतावनी दी कि यदि व्यापारियों की उपेक्षा बंद नहीं हुई, तो व्यापारी समाज एक निशान, एक विधान के संकल्प के साथ अपना राजनीतिक विकल्प तैयार करेगा। उन्होंने एमएसएमई क्षेत्र की जटिलताओं और ई-कॉमर्स की चुनौतियों पर भी चिंता व्यक्त की।
उधर, व्यापारी संवाद कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष समेत अन्य पदाधिकारियों ने संगठन का विस्तार करते हुए नई जिम्मेदारियां सौंपीं। राहुल गुप्ता को बांदा नगर अध्यक्ष और श्यामाचरण अग्रहरि को जिला संगठन महामंत्री मनोनीत किया गया। इस मौके पर प्रदेश मंत्री नरेश गुप्ता, मंडल अध्यक्ष अशोक ओमर, जिलाध्यक्ष जयकुमार गुप्ता, अनिल गुप्ता छोटे, संजीव सिंह, इंद्र प्रकाश इंदू, आदित्य निगम नितिन, श्रीराम गुप्ता, खुर्शीद खान, संजय गुप्ता, केके महंत, श्रीकांत गुप्ता, पप्पू गुप्ता, अरुण गुप्ता, रवि शिवहरे, राजू चौरसिया, रानू गुप्ता आदि तमाम व्यापारी उपस्थित रहे।










