Balrampur : जिले के समस्त सर्किलों में मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत आयोजित किया गया जनजागरूकता कार्यक्रम एवं चेकिंग अभियान

Balrampur : पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के कुशल निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय के पर्यवेक्षण में मिशन शक्ति अभियान (फेज-5.0) के तहत सभी सर्किलों में महिलाओं/ बालिकाओं की सहायता एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने हेतु चेकिंग अभियान एवं जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित कर महिला बीट अधिकारियों एवं नारी सुरक्षा दल द्वारा थाना क्षेत्रों के प्रमुख चौराहों तथा भीड़-भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर चौपालों का आयोजन कर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, आत्मनिर्भरता तथा उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।

चौपाल के दौरान महिलाओं को शासन द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं, मिशन शक्ति केन्द्र, डिजिटल अरेस्ट एवं विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। साथ ही उपयोगी हेल्पलाइन नंबरों जैसे वीमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, चिकित्सीय आपातकालीन सहायता 108, पुलिस कंट्रोल नंबर 112 तथा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के बारे में विस्तार से बताया गया, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में महिलाएं शीघ्र सहायता प्राप्त कर सकें।

इसके अतिरिक्त उपस्थित महिलाओं को साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई, जिसमें ओटीपी शेयरिंग, लकी ड्रा फ्रॉड कॉल, बैंकिंग फ्रॉड, स्मार्ट एडिटिंग वीडियो कॉल जैसे मामलों से सतर्क रहने पर जोर दिया गया। साथ ही महिला सशक्तिकरण एवं स्वावलंबन की दिशा में संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं जैसे मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला योजना, उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, राष्ट्रीय पोषण योजना, बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ, वन स्टॉप सेंटर, आयुष्मान भारत योजना, सुरक्षित मातृत्व आश्वासन (सुमन) योजना तथा मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना की भी विस्तृत जानकारी दी गई।

महिलाओं को यह भी अवगत कराया गया कि पुलिस विभाग द्वारा विशेष रूप से संचालित अभियानों जैसे “ऑपरेशन रक्षा”, “ऑपरेशन बचपन”, “ऑपरेशन नशा मुक्ति” तथा “ऑपरेशन खोज” का उद्देश्य महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा एवं कल्याण सुनिश्चित करना है। चौपालों के दौरान महिला बीट अधिकारियों ने आत्मरक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला और उपस्थित बालिकाओं को गुड टच और बैड टच की पहचान, घरेलू हिंसा से संबंधित कानूनी प्रावधानों तथा उनके अधिकारों के प्रति संवेदनशील और सजग रहने का संदेश दिया।

महिला चौपालों में उपस्थित लोगों के बीच पम्पलेट वितरित किए गए तथा संवाद के माध्यम से सार्थक और सकारात्मक चर्चा की गई। इस प्रकार मिशन शक्ति विशेष अभियान के अंतर्गत बलरामपुर पुलिस द्वारा महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से निरंतर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें