
Mihinpurwa, Bahraich : कतर्नियाघाट के सुजौली रेंज के जंगल से सटे गन्ने के खेत में देर रात जंगली हाथियों का झुंड घुस गया और किसान की तीन बीघा गन्ने की फसल को रौंद दिया। मौके पर पहुंचे किसानों ने जमकर हांका लगाया, तब जाकर हाथियों का झुंड फिर से जंगल में चला गया।
किसान ने फसल के नुकसान की जानकारी वन विभाग को दी। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने नुकसान का आकलन किया। पूरा मामला कतर्नियाघाट के सुजौली रेंज का है, जहां ग्राम पंचायत सुजौली के भैंसाही गांव के पास नियाज़ अहमद पुत्र गुलाम नवी का खेत है, जिसमें वह गन्ने की फसल की खेती करते हैं।
नियाज़ अहमद ने बताया कि बीती देर रात जंगली हाथियों का झुंड उनके खेत में घुस आया। जानकारी पाकर वह अन्य किसानों के साथ खेत में पहुंचे तो देखा कि तीन हाथी उनकी फसल को नुकसान पहुंचा रहे थे। किसानों ने हाथियों को भगाने के लिए हांका लगाया। काफी देर तक हांका लगाने के बाद हाथियों का झुंड जंगल की ओर चला गया, लेकिन तब तक तीन बीघा गन्ने की फसल बर्बाद हो चुकी थी।
सूचना मिलने पर सुजौली रेंज के वन कर्मी, दरोगा अनिल कुमार, वाचर विकास राजपूत और सूरज शुक्ला मौके पर पहुंचे और फसल के नुकसान का आंकलन किया। किसान नियाज़ अहमद ने फसल के नुकसान का मुआवजा देने की मांग की है।










