
Payagpur, Bahraich : उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन के उद्देश्य से संचालित मिशन शक्ति फेज–5.0 के तहत आज दिनांक 10 जनवरी 2026 को कस्बा पयागपुर, थाना पयागपुर जनपद बहराइच में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मिशन शक्ति टीम द्वारा महिलाओं व बालिकाओं से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली गई। साथ ही उच्चाधिकारियों द्वारा दिए गए आदेश–निर्देशों के क्रम में महिलाओं पर होने वाले अपराधों के प्रति उन्हें जागरूक किया गया। टीम ने बताया कि किसी भी प्रकार की महिला संबंधी या बालिका से जुड़ी घटना होने पर वे बिना डर के तत्काल शिकायत दर्ज करा सकती हैं।
महिलाओं एवं बालिकाओं को टोल फ्री हेल्पलाइन नंबरों की विस्तृत जानकारी दी गई, जिनमें
1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा), 181 (महिला हेल्पलाइन), 108 (एंबुलेंस सेवा) तथा साइबर अपराध की शिकायत हेतु 1930 शामिल हैं। टीम ने समझाया कि इन नंबरों पर कॉल कर वे त्वरित सहायता प्राप्त कर सकती हैं।
इसके अतिरिक्त महिलाओं को उत्तर प्रदेश सरकार एवं केंद्र सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी गई, जिनमें प्रमुख रूप से कन्या सुमंगला योजना, मातृ वंदना योजना, वृद्धा पेंशन योजना, आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, उज्ज्वला योजना आदि शामिल रहीं। योजनाओं का लाभ कैसे प्राप्त किया जाए, इसकी प्रक्रिया भी सरल शब्दों में समझाई गई।
कार्यक्रम के दौरान मिशन शक्ति टीम में थानाध्यक्ष महोदय, का० रामप्रसाद, महिला आरक्षी किरण चौधरी, महिला आरक्षी कांति एवं महिला आरक्षी प्रियंका वर्मा उपस्थित रहीं। टीम ने महिलाओं से अपील की कि वे समाज में फैली कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाएं और किसी भी समस्या में पुलिस से सहयोग लेने में संकोच न करें।
मिशन शक्ति अभियान के तहत आयोजित इस जागरूकता कार्यक्रम की स्थानीय महिलाओं व बालिकाओं ने सराहना की और इसे उपयोगी बताया।










