
- अवैध चाकू के साथ एक युवक गिरफ्तार
Visheshwarganj, Bahraich : बिशेश्वरगंज थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और अपराध पर लगाम लगाने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय है। थाना अध्यक्ष राज कुमार पांडेय के नेतृत्व में पुलिस ने अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान चलाया हुआ है, जिसके तहत एक युवक को नाजायज चाकू के साथ गिरफ्तार किया गया, जबकि घी बेचने आईं तीन संदिग्ध महिलाओं से भी पूछताछ की गई।
शुक्रवार को पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली जब उन्होंने एक युवक को अवैध चाकू के साथ पकड़ा। उपनिरीक्षक ओंकार यादव और सिपाही महेंद्र कुमार ने रेलवे क्रॉसिंग, मरदानगर के पास से 27 वर्षीय टीपू को दबोच लिया। टीपू कादरी मस्जिद के पीछे दरगाह, थाना दरगाह शरीफ, बहराइच का रहने वाला है। उसके पास से एक नाजायज चाकू बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा संख्या 339/25, धारा 4/25 दर्ज किया है। मामले की आगे की जांच उपनिरीक्षक संजय कनौजिया कर रहे हैं।
संदिग्ध महिलाओं से पूछताछ के बाद छोड़ा गया
शुक्रवार को दिन में पुरैना गांव में तब हड़कंप मच गया जब घी बेचने आईं तीन महिलाओं की पहचान संदिग्ध पाई गई। ग्रामीणों ने जब उनके आधार कार्ड देखे तो उन पर गुजरात का पता दर्ज था, जिससे उन्हें शक हुआ। ग्रामीणों ने तुरंत 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों महिलाओं को पूछताछ के लिए थाने ले आई।
थाने में महिलाओं के पहचान पत्रों की गहन जांच की गई, जिसमें पुलिस संतुष्ट हो गई। इसके बाद, उन्हें जीडी में दर्ज करके छोड़ दिया गया, लेकिन उन्हें भविष्य में गांव में न आने की सख्त हिदायत भी दी गई।थाना अध्यक्ष राज कुमार पांडेय ने बताया कि पुलिस की अपराधियों और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।