Bahraich : मिहींपुरवा में धान खरीद शुरू, पहले दिन केंद्रों पर पसरा सन्नाटा

Bahraich : मिहींपुरवा तहसील क्षेत्र में धान खरीद अभियान शनिवार से शुरू हो गया है। पहले दिन खाद्य एवं रसद विभाग के मिहींपुरवा प्रथम क्रय केंद्र पर पौण्डा निवासी किसान हीरालाल ने 83.60 कुंतल धान की तौल कराई।
मिहींपुरवा ब्लॉक में छह धान क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनमें पांच केंद्रों पर सन्नाटा पसरा रहा और एक भी किसान धान बेचने नहीं पहुंचा। केंद्रों पर केंद्र प्रभारी मौजूद रहे, लेकिन किसान नहीं दिखे। सरकार ने पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए धान खरीद अवधि 1 नवंबर 2025 से 28 फरवरी 2026 तक निर्धारित की है।

क्रय केंद्रों पर किसानों के न पहुंचने का मुख्य कारण पिछले चार दिनों से हो रही बेमौसम बरसात बताया जा रहा है। बारिश के कारण केंद्रों पर धान खरीद स्थल भी भीगे हुए हैं। किसान अपने घरों से सुरक्षित रखे धान को लाने के लिए मौसम खुलने का इंतजार कर रहे हैं। धूप निकलते ही धान खरीद में तेजी आने की संभावना है।

केंद्र प्रभारी शिवम पटेल ने बताया कि धान खरीद की सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। किसानों ने धान की कटाई कर ली है, लेकिन खराब मौसम के कारण धान नहीं ला पा रहे हैं।

सरकार ने सामान्य धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,369 रुपये प्रति कुंतल और ग्रेड-ए धान का मूल्य 2,389 रुपये प्रति कुंतल निर्धारित किया है। केंद्रों पर धान की खरीद सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक की जाएगी। खरीद के लिए साफ-सुथरा और गुणवत्ता युक्त धान ही स्वीकार किया जाएगा, जिसमें अधिकतम 18% नमी अनुमन्य होगी।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें