Bahraich : कतर्नियाघाट में तेंदुए का हमला, युवक गंभीर रूप से घायल

Bahraich : कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग की कतर्नियाघाट रेंज अंतर्गत बरखडिया बीट के आनंदनगर गांव के पास रविवार सुबह करीब सात बजे तेंदुए के हमले से एक युवक घायल हो गया। घायल युवक की पहचान हरेंद्र सिंह चौहान पुत्र छोटे लाल सिंह 25 वर्ष, निवासी गांव आनंदनगर मजरा ब्रह्मापुर के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार हरेंद्र सिंह चौहान अपने खेत में गेहूं की फसल की रखवाली के लिए मचान पर बैठे थे। सुबह मचान से उतरकर जब वह घर की ओर जाने लगे, तभी जंगल की ओर से एक तेंदुआ खेत में आ गया और उस पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में हरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए।

तेंदुए के हमले से युवक के शरीर पर गहरे घाव आए हैं। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तब तक तेंदुआ जंगल की ओर भाग निकला। घटना की सूचना मिलते ही परिजन घायल युवक को लेकर सुजौली स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। चिकित्सकों के अनुसार युवक की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे बेहतर उपचार के लिए रेफर किए जाने की संभावना है।

घटना की जानकारी मिलने पर वन विभाग को भी सूचित किया गया। सूचना पर कतर्नियाघाट रेंज से वन विभाग की टीम मौके के लिए रवाना हो गई है। वन विभाग द्वारा ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की जा रही है। साथ ही क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

ग्रामीणों में तेंदुए की मौजूदगी को लेकर दहशत का माहौल है। लोगों ने वन विभाग से मांग की है कि खेतों और आबादी के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें