
रूपईडीहा, बहराइच। रक्षाबंधन पर्व पर उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से दी गई तीन दिवसीय मुफ्त बस सेवा योजना ने यात्रियों के चेहरों पर मुस्कान बिखेर दी। विशेषकर महिला यात्रियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे न केवल आर्थिक राहत मिली, बल्कि त्योहार पर अपने भाइयों और परिवार से मिलने का अवसर भी सहज हो गया।
क्षेत्रीय प्रबंधक राम प्रकाश द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार रूपईडीहा डिपो से 8 से 10 अगस्त के बीच कुल 7100 महिला यात्रियों और 496 सहयात्रियों ने यात्रा की। अनुमानित किराया महिला यात्रियों का 11.91 लाख रुपये और सहयात्रियों का 1.03 लाख रुपये रहा।
इस तरह यात्रियों को कुल 12.94 लाख रुपये का नि:शुल्क सफ़र प्राप्त हुआ। त्योहार के दौरान रूपईडीहा बस अड्डे पर सुबह से देर रात तक यात्रियों की चहल-पहल बनी रही। डिपो के कर्मचारियों ने भी सेवाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए पूरी तत्परता से काम किया।
यह भी पढ़े : Income Tax Bill : अब TDS रिफंड का क्लेम होगा आसान! जानिए नए आयकर टैक्स बिल से क्या-क्या बदला?