
बहराइच, पयागपुर : आगामी चुनाव को देखते हुए समाजवादी पार्टी द्वारा रविवार को पार्टी पदाधिकारियों को मनोनयन पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन पयागपुर बस स्टॉप पर किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक मुकेश श्रीवास्तव तथा विशिष्ट अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष बालेंद्र श्रीवास्तव थे।
मुख्य अतिथि ने जनसभा को संबोधित करते हुए मौजूदा सरकार पर महंगाई, भ्रष्टाचार और अराजकता को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। इस समय जब किसानों को यूरिया की सबसे अधिक आवश्यकता है, तब पूरे उत्तर प्रदेश में यूरिया गायब है, जिससे धान की पैदावार प्रभावित हो रही है।
उन्होंने पयागपुर नगर पंचायत के विकास कार्यों को ठप करने का आरोप वर्तमान विधायक पर लगाया। उन्होंने कहा कि द्वेष भावना के कारण नगर पंचायत अध्यक्ष का खाता सीज किया गया था, किंतु माननीय उच्च न्यायालय के निर्देश पर पद बहाल किया गया।
पूर्व विधायक ने कहा कि जब जनता ने मत देकर बालेंद्र श्रीवास्तव को नगर पंचायत अध्यक्ष चुना, तो कुछ लोगों को यह हार स्वीकार नहीं हुई। बिना नाम लिए उन्होंने कहा कि कुछ लोग अपनी हार पचा नहीं पा रहे हैं और जनता के हित में होने वाले विकास कार्यों में लगातार बाधा डाल रहे हैं।
पूर्व विधायक ने कहा कि जनता यह सब देख रही है और आने वाले चुनाव में समाजवादी पार्टी को वोट देकर इसका जवाब देगी।
इसके बाद समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों को मनोनयन पत्र वितरित किए गए।
इस अवसर पर सत्य प्रकाश त्रिपाठी, जिला पंचायत सदस्य सदानंद शुक्ला, श्यामलाल राजपूत, किशोर कुमार सिंह, विधानसभा अध्यक्ष राम सुरेश यादव, मालिक राम शर्मा सहित सैकड़ों समाजवादी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।