बादल और कैप्टन परिवारों का रहा राजनीतिक कब्जा : बोले वित्त मंत्री चीमा

चंडीगढ़ : पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने सोमवार को चंडीगढ़ में प्रेस वार्ता कर शिरोमणि अकाली दल (शिअद), कांग्रेस और भाजपा पर तीखा हमला किया। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के भाजपा-शिअद गठबंधन संबंधी बयान पर प्रतिक्रिया दी। कैप्टन ने कहा था कि शिअद और भाजपा को पहले की तरह गठबंधन कर लेना चाहिए, तभी पंजाब में उनकी सरकार बन सकती है। इस पर चीमा ने कहा कि पंजाब पर लंबे समय तक बादल और कैप्टन परिवारों का राजनीतिक कब्जा रहा है, जिन्होंने केवल स्वार्थ की राजनीति की। उनके कार्यकाल में लैंड माफिया, शराब माफिया, ट्रांसपोर्ट माफिया और खनन माफिया का बोलबाला रहा और गुरु ग्रंथों की बेअदबी जैसी घटनाएँ हुईं।

चीमा ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने पंजाब में कई सकारात्मक बदलाव किए हैं। सरकारी नौकरियों में पारदर्शिता आई है और सरकार का लक्ष्य केवल पंजाब को विकास की राह पर ले जाना है। उन्होंने कहा कि पंजाबियों को अब दोनों परिवारों की असलियत समझ में आ चुकी है और अगले 20-25 वर्षों तक वे इनके प्रभाव में नहीं आएंगे।

इसके अलावा, वित्त मंत्री ने पंजाब में पनप रही खालिस्तानी सोच और गैंगस्टरवाद पर भी कड़ी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि कुछ लोग पंजाब की तरक्की को पसंद नहीं करते, इसलिए वह एकजुट नहीं होना चाहते। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने गैंगस्टरों को चेतावनी दी है कि अगर वे पंजाब का माहौल खराब करेंगे तो उन्हें बख्शा नहीं जाएगा और वे चैन से नहीं रह पाएंगे।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें