
औरैया। उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में जन्मतिथियों में हुई गड़बड़ी ने प्रशासन को हैरान कर दिया है। दस्तावेजों के मुताबिक, एक महिला ने मात्र 8 साल की उम्र में तीन बच्चों को जन्म दिया है। इस मामले की जांच अब प्रारंभ कर दी गई है।
उत्तर प्रदेश के औरैया जिले की अजीतमल तहसील के रामपुर गांव में रिकॉर्ड में हुई गलती ने प्रशासन को अचंभित कर दिया है। यहां जन्मतिथि से जुड़ी ऐसी खामियां सामने आई हैं, जो किसी हास्य या फिल्मी कहानी जैसी लगती हैं, लेकिन ये सरकारी अभिलेखों का हिस्सा हैं। यह मामला एक महिला और उसके बच्चों से संबंधित है।

सरकारी कागजात के अनुसार, एक महिला ने केवल 5 वर्ष की उम्र में पहला बच्चा पैदा किया, 6 वर्ष की उम्र में दूसरा और महज 8 साल की उम्र में तीसरे बच्चे का पिता बन गई। ये आंकड़े पंचायत सचिव द्वारा हस्ताक्षरित परिवार रजिस्टर की कॉपी में दर्ज हैं।
महिला का आरोप- संपत्ति के लिए सुसरालियों ने किया खेल
महिला का नाम कमलेश है। उसका आरोप है कि उसके पति के निधन के बाद, किसी दूसरी महिला को उसकी पत्नी दिखाया गया है और उसके नाम से तीन बच्चों को दर्ज किया गया है। कमलेश का कहना है कि उसके ससुराल वालों ने संपत्ति हथियाने के मकसद से रिकॉर्ड में हेरफेर किया है। इस संबंध में उसने समाधान दिवस पर 12 लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पंचायत सचिव की भूमिका पर उठे सवाल
यह चौंकाने वाली बात है कि फर्जी महिला की जन्मतिथि 1984 बताई गई है, जबकि उसके बच्चों की जन्मतिथियां 1989, 1990 और 1992 दर्ज हैं। ये तिथियां सरकारी रिकॉर्ड की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। ऐसी तिथियां किसी कहानी में फिट हो सकती हैं, लेकिन सरकारी अभिलेखों में? यह सवाल स्वाभाविक है। अब यह मामला पंचायत सचिव की भूमिका और रिकॉर्ड-रखने की प्रणाली की पारदर्शिता पर भी प्रश्न चिन्ह लगाता है।
खंड विकास अधिकारी (BDO) ने इस मामले की पुष्टि करते हुए कहा है कि उच्च अधिकारियों के निर्देश पर विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। यदि आरोप सही पाए गए, तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी।
यह भी पढ़े : उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे पर कांग्रेस का हमला, कहा- ‘सरकार के दबाव में लिया फैसला’