
झांसी। जनपद के बहुचर्चित अवध फूड्स के ओनर से चिरगांव थाना क्षेत्र में अज्ञात बदमाशों ने लूट का प्रयास किया। चलती कार पर लोहा के सरिया और पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में सफारी का कांच टूटकर लगने से वह जख्मी हो गए। उन्होंने घटना से पुलिस को अवगत कराया।
झांसी के ग्वालियर रोड नज़दीक निवासी विकास पटेल के अनुसार, पनवारी तथा उरई में अवध फूड्स की दो फ्रेंचाइजी शुरू होनी थीं। उरई कचहरी के पास उद्घाटन कार्यक्रम में सम्मिलित होकर, वे अपने तीन दोस्तों के साथ सफारी कार में सवार होकर झांसी की ओर जा रहे थे। सेमरी टोल क्रॉस करने के बाद चिरगांव थाना क्षेत्र में दो किलोमीटर आगे निकले। जैसे ही उनकी कार अंधेरे में पहुंची अज्ञात बदमाशों ने उनकी चलती कार पर हमला बोल दिया।

बदमाशों ने एक लोहा का सरिया तथा दो पत्थरों से गाड़ी पर हमला किया, एक पत्थर उनकी कार के वाइपर सहित शीशे में जा लगा। कांच टूट कर उनके ऊपर गिरा, जिससे हाथ में गंभीर चोट आ गई।
इस घटना से कार में सवार चारों लोग भयभीत हो गए। उन्होंने सूझबूझ से काम लेकर, कार को करीब 2 किलोमीटर आगे एक होटल पर रोका। तत्काल फोन लगाकर चिरगांव थाना प्रभारी को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराकर, झांसी के लिए निकल गए।
विकास बताते हैं कि वे लोग घटना में भयभीत हो गए, उनकी किसी से कोई रंजिश भी नहीं है। साथ में काफी नगदी और सोने के अंगूठी, चेन आदि भी पहने हुए थे। विकास ने कहा, अज्ञात बदमाश उनकी कार को दुर्घटनाग्रस्त कर लूटने की फिराक में थे।
चिरगांव थाना प्रभारी तुलसीराम पांडेय का कहना है कि उक्त संबंध में शिकायत प्राप्त नहीं हुई। प्रथम दृष्ट्या घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। फिर भी जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।