एशिया कप हॉकी : पाकिस्तान ने भारत भेजने से इंकार की अपनी टीम, सुरक्षा को बताया कारण

नई दिल्ली : पाकिस्तान ने आगामी एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट के लिए अपनी राष्ट्रीय टीम को भारत नहीं भेजने का निर्णय लिया है। पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन PHF ने इस संबंध में अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ FIH को सूचित कर दिया है।

फेडरेशन की ओर से कहा गया है कि खिलाड़ियों में भारत यात्रा को लेकर अनिच्छा है। PHF ने स्पष्ट किया कि टीम को भेजने से पहले उन्होंने खिलाड़ियों से बात की थी, लेकिन अधिकांश ने सुरक्षा कारणों के चलते भारत जाने से इनकार कर दिया।

सुरक्षा चिंताओं का हवाला

पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन ने FIH को पत्र में बताया कि भारत में टीम की सुरक्षा को लेकर उन्हें पर्याप्त आश्वासन नहीं मिला है। इसी कारण खिलाड़ियों और प्रबंधन ने जोखिम न उठाने का फैसला लिया है।

टूर्नामेंट पर असर

पाकिस्तान टीम के इस फैसले से एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट की तैयारियों पर असर पड़ सकता है। भारत मेजबान देश है और टूर्नामेंट में पाकिस्तान की गैरमौजूदगी खेल प्रशंसकों के लिए निराशाजनक हो सकती है, खासकर भारत-पाक मुकाबले को लेकर जोश हमेशा उच्च स्तर पर रहता है।
भारत-पाकिस्तान के बीच राजनीतिक और कूटनीतिक तनातनी का असर एक बार फिर खेल के मैदान में दिखा है। अब देखना होगा कि अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ इस स्थिति को लेकर क्या रुख अपनाता है।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें