दक्षिण अफ्रीका में निर्माणाधीन हिंदू मंदिर भरभरा कर गिरा, एक भारतीय समते चार लोगों की दबकर मौत

Hindu Temple Collapsed in Africa : दक्षिण अफ्रीका से एक बड़ी दुखद खबर सामने आई है। क्वाज़ुलु-नटाल प्रांत के ईथेक्विनी क्षेत्र में स्थित रेडक्लिफ में, एक निर्माणाधीन हिंदू मंदिर गिर गया, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 52 वर्षीय भारतीय मूल का एक व्यक्ति भी शामिल है। यह घटना मंदिर के विस्तार के दौरान हुई, जब मंदिर का एक हिस्सा ढह गया।

दरअसल, यह मंदिर न्यू अहोबिलम टेम्पल ऑफ प्रोटेक्शन है, जो खड़ी पहाड़ी पर बनाया जा रहा था। शुक्रवार को हुए इस हादसे में कई मजदूर मलबे में दब गए थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मलबे में दबे हुए मजदूरों की सही संख्या अभी तक पता नहीं चल सकी है। शुक्रवार को दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई थी, और शनिवार को बचाव कर्मियों को दो और शव मिले, जिसके बाद मृतकों की कुल संख्या चार हो गई है।

अधिकारियों ने बताया कि खराब मौसम के कारण राहत एवं बचाव कार्य रोक देना पड़ा है। मलबे में दबे होने के कारण फंसे हुए मजदूरों की खोजबीन जारी है।

मृतकों में भारतीय मूल के विक्की जयराज पांडे भी शामिल हैं, जो मंदिर ट्रस्ट के कार्यकारी सदस्य और कंस्ट्रक्शन प्रोजेक्ट के मैनेजर थे। उन्होंने लगभग दो वर्षों से मंदिर के निर्माण और विकास में सक्रिय भाग लिया था। फूड फॉर लव नामक चैरिटी संस्था के डायरेक्टर सनवीर महाराज ने भी पुष्टि की है कि मृतकों में विक्की जयराज पांडे भी शामिल हैं।

गौरतलब है कि यह मंदिर गुफा जैसी डिजाइन में बनाया गया था, जिसमें भारत से लाए गए पत्थरों का इस्तेमाल किया गया था। मंदिर में दुनिया के सबसे बड़े देवताओं में से एक भगवान नृसिंहदेव की मूर्ति स्थापित करने का दावा किया गया था।

स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि इस निर्माण प्रोजेक्ट को लेकर कोई भी बिल्डिंग प्लान मंजूर नहीं किया गया था, जिससे पता चलता है कि यह निर्माण अवैध था। ईथेक्विनी नगरपालिका ने एक आधिकारिक बयान जारी कर कहा कि प्रारंभिक बचाव कार्य एक फंसे हुए व्यक्ति के सेलफोन से मिली जानकारी के आधार पर शुरू किया गया था, लेकिन शुक्रवार देर शाम उसकी बातचीत बंद हो गई।

यह भी पढ़े : यूपी में ‘जब वी मेट’ की प्रीत ने खाया जहर..! प्रेमी से शादी करने के लिए दिल्ली से रायबरेली पहुंची… फिर मिला धोखा

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें