Amit Shah : तीन चुनाव हारने के बाद क्या बदल गई राहुल गांधी की नैतिकता ? शाह का राहुल गांधी पर तीखा हमला

नई दिल्ली : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की नैतिकता पर सवाल उठाते हुए उन पर तीखा हमला बोला है। शाह ने कहा कि तीन बार लगातार लोकसभा चुनाव हारने के बाद क्या राहुल गांधी की नैतिकता बदल गई है?

समाचार एजेंसी एएनआई को दिए इंटरव्यू में अमित शाह ने 130वें संविधान संशोधन विधेयक को लेकर कांग्रेस और राहुल गांधी की आलोचना की। साथ ही उन्होंने वर्ष 2013 की उस घटना का जिक्र किया, जब राहुल गांधी ने तत्कालीन मनमोहन सिंह सरकार द्वारा लाए गए अध्यादेश को सार्वजनिक मंच से फाड़ दिया था।

शाह ने कहा, “अगर उस दिन राहुल गांधी में नैतिकता थी तो आज क्यों नहीं है? क्या केवल इसलिए कि आप तीन आम चुनाव हार गए हैं, तो आपकी नैतिकता बदल जाएगी? नैतिक मूल्य चुनाव की हार-जीत से तय नहीं होते, बल्कि वे चंद्रमा और सूर्य की तरह अडिग होते हैं।”

क्या था मनमोहन सरकार का अध्यादेश

यूपीए सरकार ने 2013 में सुप्रीम कोर्ट के फैसले को पलटने के लिए एक अध्यादेश लाया था। इस फैसले के तहत दोषी सांसदों-विधायकों की सदस्यता तत्काल रद्द हो जाती थी। अध्यादेश में संशोधन कर दोषियों को तीन महीने का समय दिया गया था, लेकिन राहुल गांधी ने इसे गलत बताते हुए फाड़ दिया था। इस कदम से उनकी अपनी पार्टी असहज स्थिति में आ गई थी।

130वें संविधान संशोधन पर विवाद

केंद्र सरकार ने हाल ही में मानसून सत्र में 130वां संविधान संशोधन विधेयक, 2025 पेश किया। इसमें प्रावधान है कि अगर प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री या कोई मंत्री 30 दिन तक जेल में रहे, तो उसे पद छोड़ना होगा। विपक्ष इसका विरोध कर रहा है। इस पर शाह ने कहा कि एनडीए के मुख्यमंत्रियों और प्रधानमंत्री पर भी यह कानून लागू होगा। “अगर आरोप झूठे हैं, तो देश की अदालतें आंखें बंद नहीं बैठीं, जमानत मिल जाएगी।”

केजरीवाल और अन्य नेताओं पर निशाना

अमित शाह ने कहा कि पहले परंपरा थी कि आरोप लगने पर नेता इस्तीफा देते थे और बरी होने के बाद राजनीति में लौटते थे। लेकिन अब नई परंपरा शुरू हो गई है। “दिल्ली के मुख्यमंत्री और गृहमंत्री ने जेल में रहने के बावजूद पद नहीं छोड़ा। तमिलनाडु के कुछ मंत्रियों ने भी ऐसा ही किया। यह राजनीति की नैतिकता को गिराने वाला कदम है और हम इससे सहमत नहीं हैं।”

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें