
प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के संगठक इलाहाबाद डिग्री कॉलेज में एमएससी मैथमेटिक्स में दलापुर हनुमानगंज के नीतीश दुबे पुत्र अम्बरीष दुबे उर्फ चंदन विश्वविद्यालय टॉपर बने है। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के वार्षिक समारोह में कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पद्मश्री डॉ प्रेमशंकर गोयल पूर्व एसोसिएट डायरेक्टर इसरो के हाथों नीतीश को गोल्ड मेडल मिला।
बड़े बेटे की उपलब्धि पर परिवार को गर्व:
गांव दलापुर निवासी अम्बरीष दुबे और महिमा दुबे के बड़े बेटे नीतीश को विश्वविद्यालय टॉपर होने पर पद्मश्री डॉ प्रेमशंकर गोयल के हाथों सम्मानित होने के बाद से पूरे परिवार में खुशी का माहौल है। नीतीश के बाबा विजय कुमार दुबे ने कहा कि उन्हें अपने नाती की इस उपलब्धि पर बेहद गर्व है। उन्होंने कहा कि नीतीश ने अपनी मेहनत और लगन की बदौलत सफलता की हर उड़ान भर रही है, जिसके लिए वे बधाई के पात्र है।
सफलता का श्रेय माता-पिता और बाबा को:
नीतीश ने बताया कि निरंतर पढाई करने वालों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। बस उसे तराशने और प्रोत्साहन करने की जरूरत है।ऐसे में यह अभिभावकों का फर्ज है कि वे अपने बच्चों की प्रतिभा को समझें और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करें। नीतीश के पिता अम्बरीष उर्फ चंदन दुबे ने कहा कि उनके बेटे की उपलब्धि ने ना केवल परिजनों का, बल्कि समस्त ग्रामीणों का सीना गर्व से चौड़ा कर दिया है। वहीं नीतीश ने अपनी उपलब्धि का श्रेय अपने माता पिता सहित अपने बाबा को दिया है। नीतीश ने कहा कि उनके परिजनों के उत्साहवर्धन की बदौलत उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की है।