
गमगीन माहौल में परिजनों ने किया महेंद्र का अंतिम संस्कार
भास्कर समाचार सेवा
जहाँगीराबाद। नगर के एक फार्म हाउस में डीजे पर डांस को लेकर हुए विवाद में हुई महेंद्र उर्फ रिंकू की हत्या के मामले में पुलिस ने नामजद चारों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। शनिवार को पुलिस सुरक्षा के बीच गमगीन माहौल में महेंद्र का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
बता दें कि गुरुवार की देर रात नगर में आयोजित एक शादी समारोह में डीजे पर डांस करने को लेकर बिरौली निवासी महेंद्र का जटपुरा निवासी चार युवकों से विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद ने भयंकर रूप ले लिया जिसकी कीमत महेंद्र को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। चारों युवकों ने अपने साथियों के साथ मिलकर महेंद्र पर लाठी डंडों व चाकू से हमला कर दिया और उसे बुरी तरह घायल कर दिया। हमलावरों ने बीचबचाव में आये महेंद्र के तीन दोस्तों पर भी हमला कर घायल कर दिया था। इस हमले में गम्भीर रूप से घायल महेंद्र को चिकित्सकों ने मृत घोषित ने कर दिया था। घटना के सम्बंध में म्रतक के बड़े भाई ने जटपुरा निवासी जतिन, सचिन, रोबिन और राजीव सहित उनके अज्ञात साथियों के खिलाफ गम्भीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करवाया था। शुक्रवार को मुकदमा दर्ज करने के तुरंत बाद पुलिस ने रोबिन नामक आरोपी को हिरासत में ले लिया था। शनिवार को भी पुलिस की ताबड़तोड़ दबिश का दौर जारी रहा और पुलिस ने जंगलों में छिपे मुकदमे में नामजद बाकि तीनों आरोपियों जतिन, सचिन व राजीव को भी हिरासत में ले लिया। पुलिस ने हत्याकांड में नामजद एक आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है। पूछताछ में आरोपियों ने डीजे पर डांस के दौरान हुए विवाद में ही महेंद्र की हत्या की बात पुलिस को बताई है। पुलिस आरोपियों के खिलाफ अग्रिम कार्यवाही में जुट गई है।
वर्जन
हत्याकाण्ड में शामिल नामजद आरोपियों रोबिन, सचिन, जतिन और राजीव को आला-ए-कत्ल सहित हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटना की जांच कर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।
नीरज कुमार, कोतवाली प्रभारी जहाँगीराबाद।