बिहार चुनाव में अखिलेश यादव बोले…इस चुनाव में भाजपा बिहार की सत्ता से हो जाएगी बाहर

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज बिहार के दरभंगा जिले के बहादुरपुर विधानसभा क्षेत्र में इंडिया गठबंधन राष्ट्रीय जनता दल के प्रत्याशी भोला यादव के समर्थन में विशाल चुनावी जनसभा को सम्बोधित किया। अखिलेश यादव ने उपस्थित जनसमुदाय से भोला यादव को भारी मतों से जिताने और तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने की अपील की। आज पटना और आसपास के जिलों में मौसम खराब होने के कारण हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर पाया। अखिलेश यादव ने सड़क मार्ग से पहुंचकर बहादुरपुर में जनसभा को सम्बोधित किया।

विशाल चुनावी जनसभा को सम्बोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि इस चुनाव में भाजपा बिहार की सत्ता से बाहर हो जायेगी। भाजपा इस्तेमाली पार्टी है। लोगों का इस्तेमाल करती है और बर्बाद कर देती है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार सिर्फ भाजपा के चुनावी चेहरे हैं। अब उन्हें मुख्यमंत्री नहीं बनना है। भाजपा नीतीश कुमार के चेहरे का इस्तेमाल कर रही है। श्री यादव ने कहा कि बिहार का चुनाव नौकरी बनाम भाजपा है। एक तरफ तेजस्वी यादव नौजवानों को सम्मान वाली नौकरी देना चाहते हैं वहीं दूसरी तरफ भाजपा सिर पर टोकरी रखकर मजदूरी कराना चाहती है।

अखिलेश यादव ने कहा कि यह चुनाव बिहार के भविष्य का चुनाव है। यह भाजपा की विदाई का चुनाव है। बिहार में पलायन और बेरोजगारी भाजपा और उसके सहयोगी दलों के कारण है। भाजपा जीएसटी का उत्सव मना रही है। भाजपा बताएं कि दोषपूर्ण जीएसटी लगाकर महंगाई किसने बढ़ाई है? श्री यादव ने कहा कि इस चुनाव में बिहार की जनता भाजपा का पलायन करा देगी। भाजपा हटेगी इंडिया गठबंधन की सरकार आयेगी। श्री तेजस्वी यादव नौजवानों को नौकरी और रोजगार देंगे।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा साम्प्रदायिकता और नफरत फैलाने वाली पार्टी है। उत्तर प्रदेश के चुनाव में भी भाजपा ने इसी तरह से साम्प्रदायिकता फैलायी थी, जैसी बिहार में फैला रहे हैं। लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की जनता ने भाजपा को अवध में हराया है। अब बिहार की जनता भाजपा को मगध में भी हरायेगी। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई, डीजल-पेट्रोल की बढ़ी कीमतों के लिए भाजपा सरकार जिम्मेदार है। रूपये की कीमत गिरती जा रही है। सोने की कीमत आसमान पर पहुंच गयी है। इस आसमान छूती महंगाई में गरीब आदमी बेटी की शादी में सोने की छोटी कील भी नहीं दे पायेगा। श्री यादव ने कहा कि बिहार में भाजपा की कई टीमें लड़ रही है। कोई ए टीम है, कोई बी टीम है। एक पी टीम भी है। भाजपा की टीमों से सावधान रहना है। एकजुट होकर इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों को जिताना है।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा कि दिल्ली में दस साल से सरकार है लेकिन उसने नौजवानों को नौकरी नहीं दिया। भाजपा सरकार ने फौज की नौकरी को अग्निवीर बना दिया। फौज की नौकरी को आधी-अधूरी कर दी। हम इंडिया गठबंधन के लोग फौज की आधी-अधूरी नौकरी स्वीकार नहीं करेंगे। नौजवानों को पक्की नौकरी देंगे। सरकार बनाकर श्री तेजस्वी यादव ने नौकरी देने के लिए जो प्रण लिया है उसे पूरा करेंगे। हर परिवार के एक सदस्य को नौकरी दिलाएंगे। महिलाओं, बहनों को हर माह 2500 रुपये दिलाएंगे। जीविका दीदियों को 30 हजार रुपये महीने देंगे। 200 यूनिट बिजली फ्री दी जायेगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि बिहार का चुनाव परिणाम दिल्ली की सरकार का भविष्य तय करेगा। बिहार की जनता बिहार के साथ दिल्ली का भविष्य तय करेगी।

बिहार ने हमेशा साम्प्रदायिक ताकतों को हराया है। सामाजिक न्याय की लड़ाई लड़ने वाली ताकतों को ताकत दी है। अब एक बार फिर मौका मिला है। बिहार की जनता सामाजिक न्याय के राज की स्थापना के लिए इंडिया गठबंधन की सरकार बनायेगी।

इस अवसर पर अखिलेश यादव ने पूर्णिया जिले के धमदहा विधानसभा क्षेत्र के इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी संतोष कुमार कुशवाहा और मधुबनी जिले के बाबू बरही विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी अरुण कुशवाहा को भी भारी मतो से जिताने की अपील की।

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें