अखिलेश यादव : जब तक मुनाफाखोरी बंद नहीं होगी, महंगाई कम नहीं होगी, भाजपा कारोबारियों व जनता को धोखा दे रही

  • जीएसटी को लेकर सपा प्रमुख ने साधा निशाना

Lucknow : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने दिखाने के लिए तैयार सामान पर जीएसटी घटा दी लेकिन वो सामान जिससे बनता है, उसके कच्चे माल पर जीएसटी बढ़ा दी।

यही है भाजपा के जीएसटी गोलमाल का सच। भाजपा जनता को धोखा दे रही है। कारोबारियों को संकट में डाल रही है, क्योंकि भाजपाई तो सड़कों पर नारे लगाकर 50 प्रतिशत का भाषण देकर निकल गये। जब जनता बाजार जा रही है और सस्ता माल नहीं पा रही है तो दुकानदारों से झगड़ रही है। भाजपा सुधार नहीं, ग्राहक-दुकानदार के संबंधों को बर्बाद कर रही है। भाजपा किसी की सगी नहीं है।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं मुख्य प्रवक्ता श्री राजेन्द्र चौधरी के 17, गुलिस्तां कालोनी लखनऊ स्थित आवास पर पहुंच कर उनका हालचाल लिया और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

इस मौके पर उन्होंने मीडिया से भी बातचीत की। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियां पूरी तरह से फेल हैं। इस सरकार ने आठ साल पहले आधी रात को जीएसटी लगाकर जश्न मनाया था, तब से अब तक देश की जनता को लूटा। भारी भरकम टैक्स लगाकर महंगाई बढ़ाई। जनता की जेब काटी। भाजपा सरकार ने साइकिल से लेकर मोटर साइकिल तक और खाने-पीने की हर चीज, होटल, रेस्टोरेंट से लेकर कपड़े, काफी, किताब, पेन-पेसिंल सब को महंगा कर जनता से वसूली की। मुनाफाखोरी करायी।

जब ये तमाम वस्तुएं आठ साल बाद भी कम कीमत पर मिल सकती है तो भाजपा सरकार ने इन्हें आठ साल तक महंगा क्यों किए रखा। जिस तरह का जीएसटी लागू हुआ है उससे व्यापारियों को कुछ समझ में नहीं आ रहा है। सरकार एक तरफ जीएसटी कम कर रही है और दूसरी तरफ बढ़ा रही है।
श्री यादव ने कहा कि मुनाफा कमाना कम नहीं हो रहा है। जब तक मुनाफा कम नहीं होगा तब तक महंगाई कम नहीं होगी। महंगाई कम करने और देश को खुशहाल बनाने के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया की दाम बांधों नीति पर ही जाना होगा।

अखिलेश यादव ने कहा कि लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में मिली करारी हार और महंगाई-बेरोजगारी के कारण जनता में बढ़ते आक्रोश को देखकर भाजपा बैकफुट पर आयी है, लेकिन यह सरकार अभी भी धोखा दे रही है। जनता भी समझ गयी है कि भाजपा हारेगी तभी उसे महंगाई, बेरोजगारी, अन्याय, भारी टैक्सों से राहत मिलेगी। प्रदेश और देश की जनता अब भाजपा को बख्शने वाली नहीं है। भाजपा का सफाया होना तय है। इनके दिन अब गिने-चुने है।
अखिलेश यादव ने कहा भाजपा सरकार की विदेश नीति असफल है। लगातार बढ़ते टैरिफ से व्यापार संकट में है। अर्थव्यवस्था को चोट पहुंच रही है। भाजपा सरकार की विदेश नीति की असफलता के कारण हमारे उद्योग-कारोबार को नुकसान हो रहा है और 50 फीसदी और सौ फीसदी टैरिफ होगा तो कारोबार का क्या होगा। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार हर मामले में फेल है। स्वास्थ्य, शिक्षा, कानून-व्यवस्था सब बर्बाद कर दिया है। इस सरकार ने सरकारी अस्पतालों की हालत खराब कर दी। वहां गुणवत्तापूर्ण इलाज का अभाव है।

मरीज मजबूरी में निजी अस्पतालों में जाने पर मजबूर है। प्रदेश के कई जिलों में जंगली जानवरों का आतंक बढ़ता जा रहा है। बहराइच, सीतापुर, पीलीभीत समेत अन्य जिलों में हर दिन जंगली जानवरों के हमले की खबरें आ रही है। कहीं भेड़ि़या, कहीं तेंदुआ, कहीं अजगर, कहीं सांड़ के हमले से लोग घायल हो रहे हैं और अपनी जान गवां रहे हैं।

उत्तर प्रदेश में दहशत का जो वातावरण बना हुआ है, उसके लिए भाजपा सरकार कुछ करेगी या ये कहकर पल्ला झाड़ लेगी कि जानवर के पदचिह्न नहीं मिले हैं। जिन पर हमले हुए क्या उनके घायल शरीर के निशान काफी नहीं हैं या फिर उनके जख्म जिनके बच्चे जानवर उठा ले जा रहे हैं।

ये भी पढ़ें: Gonda : शिक्षक की संदिग्ध मौत, कमरे में फांसी पर लटका मिला शव

Kannauj : दीपावली से पहले फूड विभाग का सख्त एक्शन, दुकानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लिए

खबरें और भी हैं...

अपना शहर चुनें