
हापुड़। भारत के लिए ऑस्कर लाने वाली हापुड़ की शौर्य शक्ति फाउंडेशन की संस्थापक सदस्य स्नेहा तंवर और आकाश शर्मा को लखनऊ में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सम्मानित किया।
लखनऊ स्थित एक होटल में आयोजित समाजवादी राष्ट्रीय महिला सभा कार्यक्रम में देश भर से सैकड़ों प्रभावशाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और विशिष्ट अतिथि मैनपुरी से सांसद डिंपल यादव मौजूद रहीं।
अखिलेश यादव ने कहा महिलाओं के बिना समाज की कल्पना करना नामुमकिन है, इसलिए महिलाओं को साथ लेकर चलना बहुत जरूरी है। उन्होंने आगे कहा कि समाजवादी पार्टी लगातार महिलाओं को साथ लेकर चलती है।

हापुड़ निवासी शौर्य शक्ति फाउंडेशन की संस्थापक सदस्य स्नेहा ने बताया हमारा संगठन पश्चिमी उत्तर प्रदेश में लगातार महिलाओं के लिए कार्य कर रहा है और आज संगठन से 50 हजार से अधिक महिलाएं सक्रिय रूप से जुड़ी हुई है। उन्होंने बताया कि 5 मार्च को गढ़मुक्तेश्वर में 5 हजार महिलाओं का सम्मान शौर्य शक्ति फाउंडेशन के माध्यम से किया गया था। शौर्य शक्ति फाउंडेशन की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष आकांक्षा शर्मा ने बताया हमारा संगठन महिला सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रहा है और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 50 से अधिक कार्यक्रम संगठन के माध्यम से किए गए हैं। जिनसे प्रभावित होकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष आदरणीय अखिलेश यादव जी ने संगठन के लोगों का सम्मान किया है।
स्नेहा ने बताया समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव जी ने हर संभव मदद का वादा किया है और लगातार उनके मार्गदर्शन में महिलाओं के लिए कार्य निरंतर जारी रहेगा।