
- जब सरकार जातीय आधार पर सजातीय लोगों की ही तैनाती करेगी तो कानून व्यवस्था में कैसे सुधार होगा?
Lucknow : समाजवादी पार्टी प्रदेश मुख्यालय पर विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं एवं नेताओं को संबोधित करते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार तमाम फर्जी एनकाउंटर कर रही है। लेकिन उसके बाद भी कानून व्यवस्था में सुधार नहीं हो रहा है।
कानून व्यवस्था में सुधार एनकाउंटर करने से नहीं फील्ड में अच्छे अधिकारियों की तैनाती से होती है। जब सरकार जातीय आधार पर अपने सजातीय लोगों की ही तैनाती करेगी तो कानून व्यवस्था में कैसे सुधार होगा? इस सरकार में महिलाएं बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। प्रदेश में हर दिन बलात्कार, हत्या, लूट की घटनाएं हो रही हैं। समाजवादी सरकार में बेटियों, महिलाओं की सुरक्षा के लिए 1090 वीमेन पावर लाइन सेवा चलायी गयी थी। 1090 सेवा की सराहना सुप्रीम कोर्ट ने भी की थी, लेकिन भाजपा सरकार ने बर्बाद कर दिया। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार रहते किसी को न्याय नहीं मिल सकता। उत्तर प्रदेश के भविष्य के लिए भाजपा सरकार को हटाना आवश्यक है।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में गोमती नदी समेत अन्य नदियों की दुर्दशा के लिए सरकार खुद जिम्मेदार है। इस सरकार ने नदियों की सफाई के लिए कोई काम नहीं किया। समाजवादी सरकार में हमने गोमती नदी पर सबसे सुंदर रिवर फ्रंट बनाया। गोमती नदी की सफाई की व्यवस्था की गई, लेकिन भाजपा सरकार ने सब खराब कर दिया है। अब इस सरकार की चला-चली के बेला है तो मुख्यमंत्री गोमती नदी की सफाई को लेकर ढोंग कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश में महिलाओं के साथ अपराध और दलित उत्पीड़न सबसे ज्यादा हो रहे हैं।
इस सरकार को हटाए बिना जनता का भला नहीं होने वाला है। भाजपा सरकार में गरीबों को इलाज नहीं मिल पा रहा है। अस्पतालों डॉक्टरों की बड़े पैमाने की कमी है। सरकारी अस्पतालों में गुणवक्ता पूर्ण इलाज और दवाएं नहीं मिल रही है। मरीज मजबूरी में निजी अस्पतालों में इलाज कराने पर मजबूर है। समाजवादी पार्टी की सरकार में सरकारी अस्पताल में दवा इलाज मुफ़्त होता था। सरकारी अस्पताल में गरीबों का इलाज मुफ़्त होना चाहिए, समाजवादी पार्टी की सरकार में इलाज मुफ्त होगा। दिव्यांगों को उनकी सुविधा के लिए इलेक्ट्रिक व्हीलचेयर दी जाएगी।
इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किरनमय नंदा, राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, राबर्ट्सगंज सोनभद्र से सांसद छोटेलाल खरवार, विधायक राम मूर्ति वर्मा, प्रदीप यादव, अताउर रहमान, अमिताभ बाजपेई, आनंद यादव आदि बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
यह भी पढ़े : Mathura : धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने की प्रेमानंद महाराज से भेंट, की स्वास्थ्य लाभ की कामना