
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा राष्ट्रवादी नहीं, राष्ट्रविवादी पार्टी है। भाजपा के लोग हर जगह-विवाद ढूंढते हैं। विवाद कराते है। समाज को आपस में लड़ाते है।
बुधवार को नोएडा में एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मीडिया से बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि वंदे मातरम् आजादी के आंदोलन में क्रांतिकारियों का गीत रहा है। वंदे मातरम् ने आजादी के आंदोलन में सभी को जोड़ने का काम किया। देश को आजादी दिलाने वाले हमारे पूर्वजों ने वंदे मातरम्, इंकलाब जिंदाबाद, जय हिंद का नारा लगाकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी से लेकर सुभाष चन्द्र बोस, भगत सिंह और अन्य क्रांतिकारियों के रास्ते पर चलकर आजादी दिलायी।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा षडयंत्रकारी पार्टी है। षड्यंत्र के तहत एसआईआर के बहाने एनआरसी करायी जा रही है। उन्होंने कहा कि जो भारत का नागरिक होता है, उसी को वोट डालने का अधिकार मिलता है। देखा जा रहा है कि एसआईआर में तमाम लोग छूट जा रहे हैं। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और पीडीए प्रहरियों से जानकारियां मिल रही है। उत्तर प्रदेश में करीब पांच करोड़ लोगों को दोबारा फार्म भरना पड़ेगा। एसआईआर में बीएलओ बिना ट्रेनिंग के काम कर रहे हैं। अधिकारी बीएलओ पर काम का दबाव बना रहे है। भाजपा अधिकारियों के साथ मिलकर समाजवादियों के वोट कटवाने की रणनीति बना रही है। भाजपा पीडीए, गरीबों, किसानों के वोट कटवा रही है। भाजपा सरकार ने पीडीए को अपमानित किया है, दुखी किया है। किसानों को धोखा दिया है। शोषण किया। नौजवानों को नौकरी, रोजगार नहीं मिला है। किसान, नौजवान, पीडीए भाजपा से नाराज है। चुनाव में भाजपा के खिलाफ वोट करेगा। इसीलिए भाजपा इनके वोट कटवाना चाहती है। चुनाव आयोग भाजपा से मिलकर मैपिंग के बहाने वोट काट रहा है। जानकारी मिली है कि मैपिंग का ऐप उसी कम्पनी ने बनाया है, जिसने भाजपा को इलेक्ट्रोरल बांड में बड़े पैमाने पर चंदा दिया है।
एक सवाल के जवाब में श्री अखिलेश यादव ने कहा कि जो पीडीए परिवार के घर गंगाजल से धुलवाता है, वह असली जंगली हैं। किसी के मंदिर से जाने के बाद मंदिर परिसर को गंगाजल से धुलवाना जंगली होने की निशानी है। महाकुंभ में भगदड़ में जान गंवाने वाले सनातन धर्म के श्रद्धालुओं की संख्या छिपाने वाले, सरकारी मुआवजें की जगह ब्लैकमनी देने वाले सभी लोग जंगली थे। उत्तर प्रदेश में घुसपैठियों के सवाल पर यादव ने कहा कि अगर घुसपैठिए है तो भाजपा सरकार को इस्तीफा देना चाहिए। केन्द्र में 11 साल से भाजपा सरकार है और प्रदेश में 9 साल से सरकार है। सरकार क्या कर रही थी।
अखिलेश यादव ने कहा कि पीडीए के लोग याद रखें अगर वोट नहीं बनेगा तो भाजपा सरकार राशन कार्ड रद्द कर देगी। आरक्षण छीन लेगी। भाजपा मंहगाई बढ़ा रही है। रूपये की कीमत घट रही है। भाजपा ने अर्थव्यवस्था को बर्बाद कर दिया।










