
कन्नौज : यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव शुक्रवार को अपने संसदीय क्षेत्र कन्नौज के दौरे पर रहे। सपा नेताओं से रूबरू होने के अलावा प्रेस वार्ता में अखिलेश यादव ने बीजेपी पर बुनियादी शिक्षा को प्रभावित करने और वोटर लिस्ट में गड़बड़ी करने जैसे आरोप भी लगाए।
दोपहर में कन्नौज पहुंचे अखिलेश यादव सबसे पहले सपा नेता राजेश पाल के मोहल्ला सराय बहादुर स्थित आवास पर पहुंचे। यहां उन्होंने राजेश की दिवंगत मां को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संवेदना प्रकट की। सपा नेता कैश खां पर नजर पड़ते ही अखिलेश उनके गेस्ट हाउस पहुंचे और पुरसाहाल लिया।
अपने दौरे के चलते सपा प्रमुख मोहल्ला शेखाना स्थित पार्टी के पूर्व नगर अध्यक्ष नूरुल हसन से भी मिले। सिपाही ठाकुर मोहल्ले में नितिन यादव से भी सपा प्रमुख रूबरू हुए। प्रेस वार्ता में जिले के सांसद अखिलेश बीजेपी पर एक बार फिर हमलावर साफ नजर आए।
उनका कहना था कि बीजेपी वालों को सीसीटीवी कैमरों से डर लगता है। चंडीगढ़ के मामले को लेकर कहा कि वोट गड़बड़ करते हुए कैसे पकड़े गए थे। वोटर लिस्ट में हेराफेरी पहले से करते रहे हैं। 18 हजार वोट एफआईडेविड के साथ हम लोगों ने निकलवाए थे, जो डिलीट कर दिए गए थे। ये समाजवादी परिवार के पीड़ित लोग थे जो वोट नहीं डाल पाए थे। इसकी शिकायत एफआईडेविड लगवाकर की गई थी।
फकीरेपुरवा में बीएलओ हेराफेरी कर रहा था। जानकारी दिए जाने के बाद बीएलओ को सस्पेंड किया गया था। आगामी पंचायत चुनाव की तैयारियों में जुटने को कहा। स्वामी अनिरुद्धाचार्य से बहस पर कहा राजनीति में न उलझें संत। एक मनु महाराज आए थे, जिन्होंने सब गड़बड़ किया। उनकी गड़बड़ी को सुधारे तब तो वह संत महान और हमारे होंगे। अगर मनु महाराज की गड़बड़ी दोहराएंगे तो हम कभी नहीं स्वीकारेंगे।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के सपा को नमाजवादी पार्टी कहे जाने पर पलटवार करते हुए अखिलेश ने उन्हें चौकीदार कहा। बोले, ये पहले डंडे वाले चौकीदार हुआ करते थे। इनकी पार्टी का पहला अधिवेशन एक नमाजवादी ने कराया था। जो पड़ोसी देश का राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री या कोई नेता था, उसकी जानकारी आप कर लें।
कन्नौज के एक सपा कार्यकर्ता के आवास पर अखिलेश यादव ने पत्रकारों से बात की। बिहार में वोटर लिस्ट बदलने को लेकर उन्होंने कहा कि सरकार 8 करोड़ वोटर को प्रभावित कर रही है। भाजपा के पास आधार कार्ड बनाने की मशीन है। सरकार को मेंटल आधार पर कार्ड बनाने चाहिए, जिससे फर्जीवाड़ा न हो सके।
उप-राष्ट्रपति के इस्तीफे पर बोलते हुए कहा कि अगर उनकी तबीयत खराब थी तो कोई बीजेपी वाला उन्हें देखने क्यों नहीं गया। वैसे तो कहीं भी जाएं तो फोटो खींचकर भेज देते हैं, अब क्यों नहीं भेजी? भाजपा को वह अब पसंद नहीं आए तो उनके साथ ऐसा व्यवहार कर रही है।
अखिलेश ने कहा कि बीजेपी की सरकार में खुद उनकी ही पार्टी के लोगों को न्याय नहीं मिल पा रहा है। प्राइमरी यानी बुनियादी शिक्षा को प्रभावित करने का काम बीजेपी वाले कर रहे हैं। ऐसे में गरीब परिवारों के बच्चों की शिक्षा का क्या होगा? शुक्र है कि कोर्ट ने फिलहाल रोक लगाई हुई है। इसके लिए कोर्ट को धन्यवाद भी दिया।
अखिलेश ने कहा कि बीजेपी सरकार के नौ साल के कार्यकाल में विकास पूरी तरह ठप है। जो छिटपुट कार्य हो रहे हैं, उनका प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। किसी को भी न्याय नहीं मिल पा रहा है। लोग लखनऊ तक दौड़ लगाकर वापस लौट आते हैं।
सरकार बनने पर कन्नौज के साथ-साथ पूरे प्रदेश का ऐतिहासिक विकास कराया जाना निश्चित है। सरकार बनने पर शिक्षा को सबसे महत्वपूर्ण मानते हुए बड़ा फैसला लिया जाएगा, जिसमें स्कूल भी खोले जाएंगे।
बीजेपी पर कई मुद्दों पर हमलावर दिखे अखिलेश ने आगामी समय में सरकार बनने पर जनहित की समस्याओं को प्रमुखता से हल करने की बात भी कही।
सपा प्रमुख के कार्यक्रमों के दौरान सपाइयों का हुजूम नारेबाजी करता हुआ नजर आया। वहीं पार्टी के नेता भी अखिलेश से रूबरू हुए और जिले की स्थिति बताई। जिलाध्यक्ष कलीम खान, अनिल यादव सिंह, अंशुल दोहरे, मुस्तेहसन, अंशु पाल, भोले कुरैशी, कल्याण सिंह दोहरे, श्याम सिंह यादव, विवेक यादव, हबीब हसन, अरविंद प्रताप, अनिल पाल सहित कई नेता अखिलेश यादव से मिले।
अखिलेश के कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा में भी चूक देखने को मिली। अपने भ्रमण के दौरान कन्नौज शहर की गलियों से होते हुए पार्टी के लोगों से मिलने जाते समय अखिलेश के काफिले के आगे एक आवारा पशु भी नजर आया।
सपा प्रमुख के कार्यक्रम के दौरान जहां सपा समर्थकों में उत्साह साफ नजर आ रहा था, वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल भी मुस्तैद नजर आया। पार्टी के लोगों से रूबरू होने के बाद अखिलेश वापस लखनऊ के लिए रवाना हो गए।
ये भी पढ़ें:
कासगंज : बकरियों को चराने गई 10 वर्षीय नाबालिग से युवक ने किया दुष्कर्म
https://bhaskardigital.com/kasganj-a-youth-raped-a-10-year-old-minor/
भगवान राम की नगरी अयोध्या : एक बार फिर हुई शर्मसार, बुजुर्ग महिला को परिजनों नें छोड़ा सड़क किनारे हुई मौत
https://bhaskardigital.com/ayodhya-the-city-of-lord-ram-shamed-once/